Incomplete drain construction in Vishalpur becomes a problem for the villagers, negligence of responsible officials exposed
दिलीप टंडन/सारंगढ़
सारंगढ़ क्षेत्र के ग्राम विशालपुर में पिछले दो सालों से नाली निर्माण का कार्य अधूरा छोड़ दिए जाने से ग्रामीणों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। जहां नाली निर्माण होना था, वहां अब घास-फूस उग आए हैं, और गंदगी का अंबार लग चुका है। स्थानीय प्रशासन की अनदेखी और जिम्मेदार अधिकारियों की लापरवाही के चलते यह समस्या लगातार गंभीर होती जा रही है।

ग्रामीणों का कहना है कि नाली निर्माण कार्य की शुरुआत तो हुई, लेकिन कुछ दूरी पर ही इसे अधूरा छोड़ दिया गया। शेष क्षेत्र में न तो निर्माण कार्य पूरा किया गया और न ही अस्थायी साफ-सफाई की कोई व्यवस्था की गई। इससे बारिश के दिनों में गंदा पानी जमा होकर सड़कों और गलियों में बहता है, जिससे बीमारियों के फैलने का खतरा बढ़ गया है।
स्थानीय निवासियों ने कई बार नगर पालिका से शिकायत की, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। अधिकारी मौके पर तो आते हैं, पर कार्यवाही के नाम पर सिर्फ आश्वासन देकर लौट जाते हैं। इससे साफ जाहिर होता है कि जिम्मेदार विभाग और अधिकारियों की कार्यशैली केवल कागज़ों तक ही सीमित है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि नाली निर्माण को जल्द से जल्द पूर्ण किया जाए, सफाई व्यवस्था को दुरुस्त किया जाए और लापरवाह अधिकारियों पर कार्रवाई की जाए। यदि जल्द कार्रवाई नहीं की गई, तो ग्रामीण आंदोलन की चेतावनी भी दे रहे हैं।
यह मामला क्षेत्रीय विकास और स्वच्छता अभियान की असलियत को उजागर करता है, जहाँ घोषणाएं तो होती हैं लेकिन ज़मीन पर उनका अमल नहीं दिखता।



