Heavy violence broke out during Muharram procession on Bihar-Jharkhand border at around 10 pm on Wednesday night, more than half a dozen injured in stone pelting
मोहर्रम जुलूस के दौरान बवाल की खबरें देशभर से सामने आ रही हैं. बिहार-झारखंड में भी कई जगहों से उपद्रव की खबरें सामने आई हैं. वैशाली जिले के सहदेई बुजुर्ग के पास ताजिया जुलूस के दौरान बवाल हो गया. उपद्रवियों ने इस दौरान पुलिस पर जमकर पत्थरबाजी की. जुलूस में शामिल उपद्रवियों ने पुलिस की गाड़ी को पूरी तरह से क्षतिग्रस्त कर दिया. अराजक तत्वों ने पुलिस की गाड़ी के सभी सीसे को तोड़ दिए. बताया गया कि सरायधनेश का नौजवान मुस्लिम अखड़ा का तजिया जुलूस मंगलहाट पर पहुंचा था. 10 बजे पुलिस ने जुलूस के पहलाम के लिए अखाड़ा के लोगों को उनकी निर्धारित अवधि के बारे में बताया. इसी बात पर जुलूस में शामिल लोग भड़क गए और पुलिस टीम पर पथराव कर दिया. जुलूस में शामिल लोगों ने पुलिस की गाड़ी को बुरी तरह से क्षतिग्रस्त कर दिया. घटना के बाद से मौके पर तनाव बना हुआ है.

शहर में धारा 144 लागू
शहर में धारा 144 लागू कर दी गई है। बिहार के कुटुंबा थाना तथा हरिहरगंज थाना की पुलिस घटनास्थल पर कैंप कर रही है। इसके बावजूद छिटपुट झड़प की सूचना है। स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है।
ट्यूबलाइट को लेकर हुआ विवाद
इस घटना के संबंध में कामेश्वर पासवान ने बताया कि जुलूस को लेकर कब्रिस्तान रोड में एक ट्यूबलाइट लगाया गया था। जुलूस आने के दौरान लाइट किसी कारण से बुझ गई। इसके बाद कुछ लोगों द्वारा ट्यूबलाइट फोड़े जाने की अफवाह उड़ाई गई। बाद में जुलूस में शामिल लोगों ने गुप्ता पासवान तथा डोमन पासवान के घर को घेर लिया और पत्थरबाजी करने लगे। दरवाजा खिड़की तोड़कर घर में घुसकर मारपीट भी की।
वहीं, गंगोत्री कुंवर ने बताया कि वह अपनी बेटी के साथ घर में थी। खिड़की तोड़ कर कुछ लोग घर में घुसकर मारपीट करने लगे। उन लोगों को पुलिस ने बचाया है। वहीं कुछ लोगों ने उपद्रवियों द्वारा फायरिंग करने की बात भी कही है। दूसरे समुदाय के लोगों द्वारा घटना का कारण रास्ते का विवाद बताया जा रहा है।
धनबाद: मुहर्रम जुलूस मार्ग को लेकर दो समूहों के बीच झड़प, 6 घायल
झारखंड के धनबाद जिले में भी मुहर्रम जुलूस के दौरान हंगामा हुआ। यहां मुहर्रम जुलूस मार्ग में बदलाव को लेकर दो समूहों के बीच झड़प हो गई। इस झड़प में कम से कम छह लोग घायल हो गए। पुलिस ने गुरुवार को यह जानकारी दी। घटना बुधवार रात वासेपुर के पांडरपाला इलाके में घटी।
पुलिस ने बताया कि कानून एवं व्यवस्था की स्थिति बनाए रखने के लिए क्षेत्र में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत निषेधाज्ञा लागू कर दी है। किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए सुरक्षा भी बढ़ा दी गई है।
‘नियंत्रण में है स्थिति’
धनबाद के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एच.पी जनार्दन ने कहा कि मुहर्रम जुलूस मार्ग में बदलाव के कारण झड़प हुई। आयोजकों ने दावा किया कि जलभराव के कारण मार्ग में बदलाव करना पड़ा। एसएसपी ने कहा कि पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रण में लाया गया। उन्होंने कहा कि आगे की जांच जारी है।



