सौरभ बरवाड़/भाटापारा-
‘हिंद दी चादर’ श्री गुरु तेग बहादुर साहिब जी के 350वें प्रकाश पर्व एवं शहादत शताब्दी वर्ष के अवसर पर निकाली जा रही ऐतिहासिक नगर कीर्तन एवं शहीदी यात्रा का शनिवार को भाटापारा आगमन हुआ। इस अवसर पर नगरवासियों ने श्रद्धा और भक्ति के साथ यात्रा का भव्य स्वागत किया।
नगर पालिका अध्यक्ष अश्वनी शर्मा के नेतृत्व में भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं ने यात्रा का स्वागत किया। नगर कीर्तन में पवित्र श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी की अगवानी की गई, जहां श्रद्धालुओं ने माथा टेककर आशीर्वाद लिया और सर्व समाज के उत्थान, कल्याण एवं विकास हेतु प्रार्थना की।

कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि श्री गुरु तेग बहादुर जी महाराज ने सनातन धर्म की रक्षा के लिए अपने प्राणों का बलिदान दिया था। उनका यह त्याग धर्म, मानवता और सत्य के मार्ग पर चलने की अमर प्रेरणा देता है।
इस अवसर पर नगर के विभिन्न समाजों, धार्मिक संस्थाओं, सामाजिक संगठनों एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालुजन उपस्थित रहे। नगर कीर्तन यात्रा ने गुरु साहिब जी के बलिदान, सेवा और त्याग की अमर गाथा को जन-जन तक पहुँचाने का कार्य किया, जिससे आने वाली पीढ़ियाँ धर्म, एकता और मानवता के आदर्शों से प्रेरणा ले सकेंगी।
इस अवसर पर राकेश तिवारी पूर्व जिलामहामंत्री, मंडल अध्यक्ष योगेश अनंत, पार्षद बब्बू मंधान,सतीश साहू,नंदू वैष्णव,मनीष मिश्रा,मनीष पंजवानी,शुभम राजपूत,भाजयुमो शहर अध्यक्ष आशीष टोडर ,काके ,सुरेंद्र डागोर,अमित सिंह,गोपी ध्रुव, सहित पार्टी पदाधिकारी एवं गणमान्य जन उपस्थित थेl



