
घटता संवर्धन बढ़ता दोहन प्रकृति के स्वस्थ स्वरुप का होता क्षरण
सौरभ बरवाड़/भाटापारा- फ्रांसीसी शब्द एनवायरनर से बना शब्द पर्यावरण की परिभाषा है हमारे चारो ओर मौजूद वह प्राकृतिक और मानव निर्मित परिवेश जिससे एक वातावरण का निर्माण होता है और उसी परिस्थति को पर्यावरण कहा जाता है, प्राकृतिक पर्यावरण मे सभी जैविक एवं अजैविक तत्व आते हैं जो प्रकृति द्वारा प्रदान किए गये हैं जैविक घटकों मे सभी पेड़ पौधे,जीव जन्तु एवं सूक्ष्मजीव शामिल है वहीं भूमि जल वायु प्रकाश और मिट्टी अजैविक तत्वों की श्रेणी मे आते हैं, साथ ही साथ मानव निर्मित इमारतें सड़कें उद्योग और सामाजिक सांस्कृतिक परिवेश मानव निर्मित पर्यावरण की श्रेणी मे आते हैं
_________________________
बढ़ता असंतुलन चिंता का विषय
_________________________
प्रकृति द्वारा प्रदत्त परिवेश जहां प्रकृति की देन है वहीं मानव निर्मित परिवेश मानव के आवश्यकता तथा पुरुषार्थ का प्रतीक है,दोनों परिवेश की अपनी अहमियत है लेकिन संतुलन का बिगड़ना चिंता का विषय है गौरतलब है कि मनुष्य द्वारा अपनी आवश्यकताओं के मद्देनजर मानव निर्मित परिवेश के निर्माण एवं प्रकृति के दोहन की रफ्तार इस कदर बढ़ा दी गयी है कि प्रकृति प्रदत्त परिवेश इससे बुरी तरह प्रभावित होते हुए नजर आ रहें है,जीवन के आवश्यक तत्व हवा पानी भूमि जैसे तत्व इससे प्रभावित होते हुए नजर आ रहें है,और पर्यावरण मे असंतुलन का चिंताजनक उदाहरण प्रस्तुत कर रहें है।
__________________________
पर्यावरण दिवस पर पहल की बानगी
__________________________
प्रकृति द्वारा प्रदत्त विभिन्न तत्वों मे सबसे अहम तत्व है वृक्ष जो धरा के श्रृंगार के साथ ही स्वस्थ पर्यावरण के आधार हैं क्योकि पर्यावरण के अन्य अहम तत्वों की समृद्धि बहुत हद तक वृक्ष समृद्धि पर निर्भर करती है,लेकिन विडम्बना है कि मानव निर्मित परिवेश की बढ़ती रफ्तार मे वृक्ष सबसे ज्यादा प्रभावित हो रहें है,जो धरा का श्रृंगार छिनने के साथ ही पर्यावरण को अस्वस्थ करने का सबब भी साबित हो रहें है,पर्यावरण को समर्पित पर्यावरण दिवस के अवसर पर नगर के सुधिजनों द्वारा प्रकृति के अहम तत्व वृक्ष को स्मरण करते हुए नगर पालिका अध्यक्ष अश्वनी शर्मा को जल संरक्षण मे अहम मददगार एवं गहन छायादार वृक्ष सिरहुट अर्पित करते हुए पर्यावरण से संबंधित विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की गयी इस अवसर पर पत्रकार मुकेश शर्मा हरिहर शर्मा अधिवक्ता बृजेश मिश्रा, डाॅ वाय पी सोनी,पूर्व पार्षद प्रदीप शर्मा,गिरधर गोपाल शर्मा, मोनू मानिक प्रसाद दुबे राजकुमार यदु आदि प्रमुख रुप से उपस्थित थे।
__________________________
नपा अध्यक्ष अश्वनी शर्मा का वक्तव्य
__________________________
समस्त जनों को पर्यावरण दिवस की शुभकामनाएं देते हुए तथा सभी से पर्यावरण के समृद्धि की दिशा मे कार्य करने का आग्रह करते हुए नगर पालिका अध्यक्ष अश्वनी शर्मा द्वारा कहा गया कि समृद्ध एवं विकसित शहर की स्थापना मे हरियाली युक्त वातावरण एवं स्वस्थ आबोहवा का निर्माण भी अहम अवधारणा है एवं इसके लिए प्रयासों का क्रम निरंतर जारी है, तथा इस संकल्प के फलीभूत होने के लिए जनभागीदारी नितांत आवश्यक है।



