Innovative initiative, common people can register complaints through contact 92018-99925, villagers will get information about schemes through phone
कलेक्टर ने वीडियो कॉल के जरिए 5 गांव के ग्रामीणों से बातचीत कर संपर्क सुविधा केंद्र का किया शुभारंभ

कलेक्टर ने वन टू वन कर गांव की समस्याओं के संबंध में ली जानकारी, ग्रामीण भी कलेक्टर से बातचीत कर हुए गदगद
सौरभ बरवाड़@बलौदाबाजार- 8 अगस्त 2024/नवाचारी पहल के तहत जिले में आम जनता के समस्याओं,मांगो के निराकरण,योजनाओं की जानकारी सहित सुझाव प्रदान करने के उद्देश्य से संपर्क 92018-99925 की स्थापना संयुक्त जिला कार्यालय में की गई है। इसके माध्यम से अब जिलेवासियों को घर बैठे ही अपनी मागों समस्याओं एवं सुझावों के निराकरण सहित योजनाओं संबधित जानकारी की सुविधा उपलब्ध होगी। आज कलेक्टर दीपक सोनी ने वीडियो कॉल के जरिए 5 गांव के ग्रामीणों से बातचीत कर संपर्क सुविधा केंद्र का संचालन प्रारंभ किया। कलेक्टर श्री सोनी ने बताया कि जिले का कोई भी व्यक्ति 92018-99925 फोन करके अपनी शिकायत दर्ज करा सकता है। न केवल इसमें शिकायत बल्कि रूटिन में विभिन्न विभागों द्वारा विभागीय योजनाओं की जानकारी मुहैया करायी जायेगी। इसके लिए बकायदा रूटिन में अधिकारी कर्मचारियों की विभागवार ड्यूटी भी लगायी गई है। जो भी शिकायतें दर्ज करायी जायेगी उनका लगातार मॉनिटरिंग करते हुए उन्हे अलग से समय सीमा में दर्ज की जा रही है। जिससे तेजी से उनके समस्या समाधान हो सके। उक्त सुविधा केवल कॉल के जरिए नहीं बल्कि वाट्सप के माध्यम से भी किया जा सकता है। 5 गावों में विकासखण्ड कसडोल से ग्राम कुम्हारी, पलारी से जर्वे, सिमगा से बिनैका, भाटापारा से मोपका एवं बलौदाबाजार से बगबुड़ा शामिल है। जहां पर ग्राम पंचायतों में वीडियों कॉल के जरिए जनप्रतिनिधि,मितानिन,महिला स्व-सहायता समूह सहित ग्रामीणों ने कलेक्टर श्री सोनी से सीधा संवाद किया। इस दौरान ग्राम कुम्हारी के ग्रामीणों ने कलेक्टर को बताया कि गांव में जल जीवन मिशन के कार्य लम्बे समय से नहीं चलने के संबंध में जानकारी प्रदान की। जिस पर कलेक्टर ने शीघ्र ही निराकरण के आश्वासन दिए है। इसी तरह ग्राम बिनैका के ग्रामीणों ने फौती नामांतरण के कार्य नहीं होने भवन निर्माण के कार्य अधुरे होने की जानकारी कलेक्टर को दी है। इसी तरह ग्राम जर्वे के ग्रामीणों ने अतिक्रमण संबंधित समस्याओं के बारे में अवगत कराया। कलेक्टर ने भी ग्रामीणों से पेयजल की समस्या,महिला स्व सहायता समूह के कामकाज, विद्युत एवं रोड की समस्याओं के बारे में भी जानकारी ली। साथ ही साथ उन्होनें दस्तक अभियान से संबंधित जानकारी ग्रामीणों के साथ साझा किए। इस दौरान अपर कलेक्टर दीप्ति गौते, जिला सूचना अधिकारी सत्यनारायण प्रधान, उप संचालक पंचायत सुरेश कंवर सहित संपर्क केन्द्र के कर्मचारीगण उपस्थित रहे।



