रायगढ़। रायगढ़ के पूर्वांचल भोजपुरी समाज द्वारा संचालित मां अन्नपूर्णा रसोई के माध्यम से एक बार फिर मानवता की मिसाल पेश की गई। इस अवसर पर संजय मिश्र ने अपने पिता, स्वर्गीय गिरीश चंद्र मिश्र की प्रथम पुण्यतिथि के अवसर पर मातृ शिशु अस्पताल में मरीजों के परिजनों को निःशुल्क भोजन वितरण किया। पूर्वांचल भोजपुरी समाज के संरक्षक द्वय प्रशांत पांडेय और प्रेम नारायण मौर्य ने कहा कि
इस तरह के सामाजिक कार्य न केवल दिवंगत आत्माओं के प्रति श्रद्धांजलि का एक साधन हैं, बल्कि यह समाज को जोड़ने और सहायता करने का भी एक माध्यम हैं। संजय मिश्र के इस प्रयास से यह संदेश स्पष्ट है कि सेवा कार्यों के माध्यम से हम अपने प्रियजनों की स्मृति को जीवित रख सकते हैं और समाज में एक सकारात्मक बदलाव ला सकते हैं।


विद्युत विभाग में अधीक्षण अभियंता के पद से सेवानिवृत्त थे स्वर्गीय गिरीश चंद्र मिश्र
स्वर्गीय गिरीश चंद्र मिश्र विद्युत विभाग में अधीक्षण अभियंता के पद से सेवानिवृत्त अधिकारी थे। वे अपने जीवन में न केवल अपने कर्तव्यों का पालन निष्ठा से करते रहे, बल्कि समाज सेवा में भी सक्रिय रहे। उनके व्यक्तित्व और समाज के प्रति योगदान को स्मरण करते हुए, उनके पुत्र संजय मिश्र जो दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे में ट्रेन प्रबंधक के पद पर अपनी सेवा दे रहे हैं और पत्नी अर्चना मिश्रा लीनेश प्रगति क्लब रायगढ़ एरिया आफिसर के रूप में समाज सेवा से जुड़ी हैं, ने इस पुण्यतिथि पर सेवा के इस अनूठे कार्य को अंजाम दिया।
पिता के दिखाए मार्ग पर चलने का प्रयास
मां अन्नपूर्णा रसोई के तहत आयोजित इस कार्यक्रम में सैकड़ों मरीजों के परिजनों को निःशुल्क भोजन प्रदान किया गया। इस अवसर पर संजय मिश्र ने कहा कि यह कार्य उनके पिता के प्रति श्रद्धांजलि अर्पित करने का एक प्रयास है, जिन्होंने हमेशा दूसरों की सेवा को महत्व दिया। उन्होंने आगे कहा कि समाज सेवा के इस कार्य को वे निरंतर जारी रखेंगे और अपने पिता के दिखाए मार्ग पर चलने का प्रयास करेंगे।
इनकी रही महत्वपूर्ण उपस्थिति

इस अवसर पर समाज के कई प्रमुख व्यक्तित्वों की उपस्थिति रही। कार्यक्रम में पूर्वांचल भोजपुरी समाज के संरक्षक द्वय प्रशांत पांडेय और प्रेम नारायण मौर्य, अध्यक्ष उमेश उपाध्याय, उपाध्यक्ष ऋषिकांत पांडेय, अर्चना मिश्रा, शैलेंद्र दुबे, एन.सी. झा, दीपक उपाध्याय, श्रवण सिंह, विनय कुमार पांडेय, घनश्याम सिंह , बजरंग दीक्षित, नवीन सिंह, संजीव झा, रजय महाले, संदीप सिंह सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। सभी ने इस पुण्य कार्य की सराहना की और इसे समाज के लिए एक प्रेरणा माना। मां अन्नपूर्णा रसोई के माध्यम से समाज के इस सेवा कार्य ने मानवता और सामाजिक सहयोग की एक मजबूत मिसाल पेश की है।



