Chakradharnagar police’s strong action on illegal liquor: Raid at two places, 31 liters of Mahua liquor seized, two accused arrested
रायगढ़ । एसपी श्री दिव्यांग कुमार पटेल के दिशा निर्देशन पर चक्रधरनगर पुलिस ने अवैध शराब कारोबार पर शिकंजा कसते हुए निरीक्षक प्रशांत राव आहेर के नेतृत्व में पुलिस टीम ने ग्राम छोटे रेगडा और गोपालपुर कोरियादादर में छापेमारी कर अवैध महुआ शराब का कारोबार उजागर किया। शराब रेड में 31 लीटर महुआ शराब जब्त कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है ।

छोटे रेगडा: 20 लीटर शराब के साथ आरोपी गिरफ्तार
ग्राम छोटे रेगडा में अमृत एक्का के घर छापेमारी की गई। शुरुआती पूछताछ में वह टालमटोल करता रहा, लेकिन सख्ती से पूछने पर उसने महुआ शराब बिक्री करना कबूल किया। आरोपी की निशानदेही पर कोला बाड़ी में छिपाकर रखी गई एक काले रंग की ट्यूब से 20 लीटर महुआ शराब बरामद की गई, जिसकी कीमत करीब ₹4000 है। पुलिस ने 37 वर्षीय आरोपी अमृत एक्का को गिरफ्तार कर लिया।
गोपालपुर कोरियादादर: 11 लीटर शराब के साथ एक और आरोपी पकड़ा गया
दूसरी कार्रवाई गोपालपुर कोरियादादर में हुई, जहां 40 वर्षीय आनंद राम उरांव को उसके घर के पीछे बाड़ी से गिरफ्तार किया गया। उसके पास से 11 लीटर महुआ शराब बरामद की गई, जिसकी कीमत करीब ₹2200 है।
दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना चक्रधरनगर में अपराध क्रमांक 33 और 34/2025 धारा 34(2), 59(क) आबकारी एक्ट के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया है।
इस कार्रवाई में प्रधान आरक्षक संतोष कुर्रे, रवि साय पैंकरा, आरक्षक विनोज लकड़ा और महिला आरक्षक अनिता बेक ने अहम भूमिका निभाई। चक्रधरनगर पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे ऐसी किसी भी गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।



