Horrific road accident on NH-43: 4 killed, 7 seriously injured in collision between Bolero and truck
रायगढ़। छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले के सीतापुर थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ, जिसमें बोलेरो और तेज रफ्तार ट्रक की जबरदस्त टक्कर हो गई। इस हादसे में एक मासूम सहित 4 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 7 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

किलकिला धाम से लौट रहे थे श्रद्धालु
जानकारी के अनुसार, बोलेरो में सवार लोग किलकिला शिव मंदिर में दर्शन करने के बाद रेवापुर-सखौली लौट रहे थे। तभी विशुनपुर प्लांट के पास NH-43 पर तेज रफ्तार ट्रक ने बोलेरो को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बोलेरो पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
गुस्साई भीड़ ने ट्रक में लगाई आग
हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों में आक्रोश इतना बढ़ गया कि उन्होंने ट्रक में आग लगा दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थिति को संभालते हुए घायलों को सीएचसी सीतापुर अस्पताल पहुंचाया और मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
मुख्यमंत्री ने जताया दुख
इस हादसे पर छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने गहरा दुख व्यक्त किया। उन्होंने प्रशासन को घायलों के बेहतर इलाज की व्यवस्था करने के निर्देश दिए और दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए प्रार्थना की।
पुलिस जांच में जुटी
सीतापुर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही को हादसे की वजह बताया जा रहा है।
NH-43 पर हुई इस भीषण दुर्घटना ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा और तेज रफ्तार वाहनों की समस्या पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।




