Farmers watched the live telecast of the program at Krishi Vigyan Kendra, Raigarh
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने पीएम किसान सम्मान निधि योजना की जारी की 19 वीं किस्त

रायगढ़ / बिहार के भागलपुर से 24 फरवरी को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की 19वीं किस्त जारी कर दी है। कार्यक्रम का सीधा प्रसारण कृषि विज्ञान केन्द्र, कृषि विकास एवं किसान कल्याण तथा जैव प्रौद्योगिकी विभाग रायगढ़ में आयोजित हुआ। जहां किसानों ने कार्यक्रम का लाईव प्रसारण देखा। इस दौरान रायगढ़ एवं सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के प्रगतिशील कृषक एवं कृषक महिलाएं उपस्थित रही
पीएम किसान सम्मान निधि योजना का उद्देश्य भारत के किसानों को आर्थिक सहायता देना है, ताकि उनकी आर्थिक स्थिति सुधर सके और उन्हें अपनी खेती करने में मदद मिले। इस योजना के तहत पात्र किसानों को हर साल 6,000 की रकम तीन किस्त में दी जाती है। ये पैसा उनको उनके बैंक खातों में सीधे ट्रांसफर किया जाता है। इसका मूल उद्देश्य किसान को उनके खर्चों में मदद देना, उनकी उपज में सुधार लाना, और उन्हें अपने जीवन यापन में आर्थिक सुधार देना है। ये योजना प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के द्वारा 2019 में शुरू हो गई थी और इसका लक्ष्य है कि किसानों को वित्तीय सहायता मिले, खास कर उन्हें, जो जमीन के मालिक नहीं होते या जो छोटे और मध्यम किसान होते हैं।
पीएम किसान सम्मान निधि योजना की 19वीं किस्त का हस्तांतरण के तहत आयोजित कार्यक्रम में कृषकों के लिए विभिन्न कृषि संबंधी गतिविधियाँ और तकनीकी जानकारी प्रदान की गई। खासतौर पर कृषि विज्ञान केन्द्र, रायगढ़ द्वारा विभिन्न प्रदर्शनी इकाइयों का भ्रमण कराकर किसानों को नवीनतम कृषि विधियों और उन्नत तकनीकों से परिचित कराया गया। इसमें मशरूम उत्पादन, डेयरी, मुर्गी पालन, केचुआ खाद, मछली पालन, और मसाला फसलों जैसे धनिया, हल्दी और अदरक की वैज्ञानिक खेती का विस्तृत प्रदर्शन किया गया। डॉ.बी.एस. राजपूत ने इन इकाइयों के बारे में किसानों को जानकारी दी, जिससे उन्हें खेती के नए और उन्नत तरीकों के बारे में समझने का अवसर मिला। कार्यक्रम में किसानों ने इन प्रदर्शनों की सराहना की और इसे फायदेमंद बताया। ऐसे कार्यक्रम किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों से अवगत कराते हैं, जिससे वे अपनी उत्पादन क्षमता में वृद्धि कर सकते हैं और लाभकारी तरीके से खेती कर सकते हैं। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि श्री प्रदीप कुमार श्रृंगी, राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ रायगढ के द्वारा अपने उद्बोधन में राष्ट्रीय कृषि योजनाओं का कृषक ज्यादा से ज्यादा लाभ ले कर भारत को विकसित राष्ट्र बनानें में योगदान देने का आहवान किया। श्री सुभाष सोनी, सहायक संचालक, कृषि एवं जैव प्रौद्यगिकी विभाग, रायगढ़ द्वारा विभागीय योजना के बारे में बताये एवं कृषि के नई तकनीक को अपनाने हेतु सलाह दिए। इस अवसर पर कृषि विज्ञान केन्द्र के वैज्ञानिक डॉ. मनीषा चौधरी, डॉ.के.के.पैकरा,डॉ.के.डी.महंत,डॉ. सी.पी.एस.सोलंकी, डॉ.के.एल.पटेल, श्री आशुतोष सिंह एवं ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी आदि उपस्थित थे।




