Women Empowerment Campaign: Information on safety and self-defense given to students of Swami Atmanand School
रायगढ़ । पुलिस द्वारा पुलिस मुख्यालय के निर्देशानुसार जिले में महिला सुरक्षा और सशक्तिकरण को लेकर विशेष अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस अधीक्षक श्री दिव्यांग पटेल के मार्गदर्शन में महिला एवं बाल विकास और जिला पुलिस महिला सेल द्वारा इस अभियान के अंतर्गत आज 6 मार्च 2025 को स्वामी आत्मानंद शासकीय कन्या पूर्व माध्यमिक शाला, घरघोड़ा में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में छात्राओं को आत्मरक्षा, कानूनी अधिकारों और डिजिटल सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया।

इस अवसर पर डीएसपी श्रीमती उन्नति ठाकुर ने छात्राओं को ‘गुड टच-बैड टच’ और पॉक्सो एक्ट की विस्तृत जानकारी दी। साथ ही, उन्होंने शिक्षा के अधिकार, मानव तस्करी, बाल विवाह, साइबर अपराध, घरेलू हिंसा, नशे से बचाव, स्वास्थ्य जागरूकता, करियर मोटिवेशन और यातायात नियमों के प्रति छात्राओं को मार्गदर्शन दिया। सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग पर विशेष जोर देते हुए उन्होंने छात्राओं को ऑनलाइन सतर्कता बरतने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देने की सलाह दी।
महिला एवं बाल विकास अधिकारी चैताली राय और महिला सेल प्रभारी उप निरीक्षक दीपिका निर्मलकर ने छात्राओं को महिला सुरक्षा से जुड़े कानूनी अधिकारों की जानकारी दी। साथ ही, उन्हें आत्मरक्षा के गुर भी सिखाए गए। उप निरीक्षक दीपिका निर्मलकर ने ‘अभिव्यक्ति’ ऐप के उपयोग के बारे में जानकारी दी और बताया कि कैसे छात्राएं इस डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से पुलिस से त्वरित सहायता प्राप्त कर सकती हैं।
कार्यक्रम महिला एवं बाल विकास विभाग, जिला पुलिस महिला सेल और सखी सेंटर के संयुक्त तत्वाधान में आयोजित किया गया था। अधिकारियों ने बताया कि इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रम नियमित रूप से जारी रहेंगे, ताकि महिलाओं और छात्राओं को सुरक्षा और आत्मनिर्भरता का प्रशिक्षण मिलता रहे। इस पहल से न केवल छात्राओं में आत्मविश्वास बढ़ेगा, बल्कि वे अपने अधिकारों और सुरक्षा के प्रति अधिक सजग होंगी।




