Good Governance Festival-2025: Food Minister Baghel attended the Balsamund Solution Camp
रायपुर / खाद्य मंत्री दयाल दास बघेल आज बेमेतरा जिले के नवागढ़ विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत बालसमुंद में सुशासन तिहार-2025 अंतर्गत 22वां समाधान शिविर में शामिल हुए। हायर सेकेण्डरी स्कूल में आयोजित बालसमुंद क्लस्टर सहित 11 बगौद, बाबाघठोली, पौंसरी, मोहरेंगा, राउरपुर, मुनरबोड़, बालसमुंद, आंदू, उसलापुर, भोथीडीह, खैरझिटि ग्राम के लोग शामिल हुए। समाधान शिविर में मुख्य अतिथि खाद्य मंत्री श्री दयालदास बघेल का स्वागत एसडीएम श्री प्रकाश भारद्वाज ने किया। उन्होंने शिविर में प्राप्त आवेदन और निराकरण की जानकारी दी कि 11 ग्राम पंचायतों से समस्या, मांग और शिकायत संबंधी 3403 आवेदन प्राप्त हुए जिनका गुणवत्ता पूर्ण निराकरण संबंधित विभाग के अधिकारियों ने किया जिनकी जानकारी आज इस शिविर में दी जा रही है।

बालसमुंद शिविर में विभागीय अधिकारियों द्वारा मंत्री के समक्ष समाधान पेटी में प्राप्त आवेदनों के त्वरित निराकरण की जानकारी प्रस्तुत की गई। साथ ही विभिन्न विभागों की योजनाओं की जानकारी ग्रामीणों को दी गई।
मंत्री श्री बघेल ने कार्यक्रम में कहा कि सुशासन तिहार अंतर्गत लगाये गए तीसरे चरण के समाधान शिविर में आवेदनों का निराकरण किया गया है। उन्होंने कहा मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय भी राज्य के किसी भी गांव में औचक निरीक्षण कर आम जनता से राज्य सरकार द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन की विस्तृत जानकारी ले रहे है। मुख्यमंत्री श्री साय कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक सीईओ पंचायत सहित अधिकारियों की बैठक ले कर प्राप्त आवेदनों और गांव शहर के विकास कार्यों के प्रगति की अद्यतन जानकारी ले रहे हैं।
ग्रामीणों को संबोधित करते हुए मंत्री श्री बघेल ने कहा, “छत्तीसगढ़ सरकार ग्रामीणों की समस्याओं के समाधान के लिए प्रतिबद्ध है। कोई भी नागरिक बेझिझक अपनी समस्या या मांग आवेदन के माध्यम से दर्ज करा सकते हैं। हमारी सरकार अंतिम छोर तक अपनी जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचा रही है। समाधान शिविर में ग्रामीणों ने मंत्री श्री बघेल को स्मृति चिन्ह भेंट किया।
इस अवसर पर शिविर में हितग्राहियों को सामग्री, राशन कार्ड, महिला एवं बाल विकास विभाग की नोनी सुरक्षा योजना और प्रधानमंत्री मातृत्व वंदना योजना के अंतर्गत हितग्राहियों को प्रमाण पत्र वितरित किए। सुकन्या समृद्धि योजना के अंतर्गत लाभार्थी बालिकाओं को बैंक पासबुक का वितरण किया गया।




