Ramlila festival in Fiji, being staged by artists from Mumbai-Bhatapara ..
सौरभ बरवाड़/भाटापारा : – साहित्यिक सांस्कृतिक शोक संस्था मुंबई भारत और श्री सनातन धर्म ब्राह्मण सभा फिजी के संयुक्त तत्वावधान में अंतर्राष्ट्रीय रामलीला महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। यह आयोजन 26 मई से 6 जून 2025 तक फिजी के विभिन्न स्कूलों, कॉलेजों और सनातन धर्म स्थलों पर हो रहा है। इसमें भारत के मुंबई और छत्तीसगढ़ के भाटापारा से पहुंचे रामलीला कलाकार भाग ले रहे हैं। फिजी के वुलिलेखा, लंबासा स्थित श्री सनातन धर्म रामलीला मंदिर में रामलीला के प्रमुख प्रसंगों का मंचन किया गया। जनकपुरी में राम-सीता विवाह, अयोध्या प्रस्थान, राम के राज्याभिषेक की तैयारी, कैकयी द्वारा वर मांगना, राम को 14 वर्ष का वनवास, सुमंत्र द्वारा राम-लक्ष्मण-सीता को वन भेजना, केवट प्रसंग जैसे दृश्य मंचित किए गए। केवट द्वारा राम-सीता से कुछ भी न लेने और भवसागर पार कराने की बात दर्शकों को खूब भा रही है। सुमंत्र के माध्यम से राजा दशरथ को राम के न लौटने का संदेश, लक्ष्मण द्वारा कैकयी को ललकारना, राम का सीता के प्रति विरह, सीता का लक्ष्मण रेखा पार करना, रावण द्वारा सीता हरण, राम-लक्ष्मण द्वारा सीता की खोज, जटायु का रावण से युद्ध कर घायल होना जैसे प्रसंगों का सुंदर मंचन किया गया।
दो और तीन जून को रामलीला का मंचन फिजी की राजधानी सुवा स्थित श्रीधर महाराज कॉलेज नवसारी में हुआ। कार्यक्रम में फिजी के उप प्रधानमंत्री विमान प्रसाद मुख्य अतिथि रहे। सांसद वीरेन लाल सहित अन्य सांसद भी उपस्थित रहे। भारतीय उच्चायोग की प्रतिनिधि निरुपमा राय ने भी रामलीला का आनंद लिया।
भारत के मुंबई और छत्तीसगढ़ से आए 17 सदस्यीय कलाकार दल में डॉ. प्रदीप सिंह, डॉ. ललित सिंह ठाकुर, डॉ. जगदीश साहू, केशव साहू, हरिचरण दास वैष्णव, डॉ. वीणा साहू, डॉ. आभा पाठक, राजकुमार चौधरी, पत्रकार सत्यनारायण पटेल, भगवती प्रसाद उपाध्याय, बिना कुमारी, चंद्र प्रभा ध्रुव, खुमान वर्मा, लक्ष्मी प्रसाद साहू, नारायण निषाद, सतीश कनौजिया, अफशाना खान शामिल हैं। इनके साथ फिजी के स्थानीय कलाकार भी मंचन में भाग ले रहे हैं।
रामलीला का अंतिम चरण 5 और 6 जून को तारुवा और नादी जिले के श्री सनातन प्राइमरी स्कूल टोंको में होगा। यहां राम-रावण संवाद, रावण वध और समापन के साथ कलाकारों का सम्मान किया जाएगा।




