Home Blog राज्य खेल अलंकरण पुरस्कार के लिए 26 जून तक मंगाए गए आवेदन

राज्य खेल अलंकरण पुरस्कार के लिए 26 जून तक मंगाए गए आवेदन

0

Applications invited for State Sports Decoration Award till 26th June

रायगढ़ / छत्तीसगढ़ शासन, खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा प्रतिवर्ष खिलाडिय़ों, प्रशिक्षकों, निर्णायकों को खेल पुरस्कार प्रदान कर राज्य खेल अलंकरण से सम्मानित किया जाता है। यह पुरस्कार राज्य के लिए उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाडिय़ों, प्रशिक्षकों, निर्णायकों को प्रदान किये जाते हैं।
जिला कार्यालय रायगढ़/संचालनालय, खेल एवं युवा कल्याण रायपुर में राज्य खेल संघो से अनुसंशा सहित आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि 26 जून 2025 कार्यालयीन समय तक निर्धारित की गई हैं, खिलाड़ी को एक से अधिक अलंकरण/सम्मान हेतु पृथक-पृथक आवेदन प्रस्तुत करना होगा। आवेदन पत्रों का प्रारूप मय विस्तृत सूचना/जानकारी खेल विभाग की वेबसाईट https://sportsyw.cg.gov.in पर उपलब्ध है।
वर्ष 2023-24 में (01 अप्रैल 2023 से 31 मार्च 2024 तक) एवं वर्ष 2024-25 में (01 अप्रैल 2024 से 31 मार्च 2025 तक) जिन खिलाडिय़ों ने सब जूनियर, जूनियर एवं सीनियर वर्ग की राष्ट्रीय प्रतियोगिता में पदक प्राप्त किया है, वे खिलाड़ी जिला कार्यालय एवं अपने खेल संघो आवेदन फार्म प्राप्त कर निर्धारित अंतिम तिथि 26 जून 2025 तक संचालनालय, खेल एवं युवा कल्याण छ.ग. रायपुर या कार्यालय सहायक संचालक, खेल एवं युवा कल्याण जिला-रायगढ़, रायगढ़ स्टेडियम बोईरदादर में कार्यालयीन समय में अपना आवेदन निर्धारित दस्तावेज सहित जमा कर सकते है। इसी प्रकार उक्त वर्षो में खेल वृत्ति (डाईट मनी) के लिये जिन खिलाडिय़ों ने अधिकृत राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में पदक प्राप्त किया हो या राष्ट्रीय प्रतियोगिता में प्रतिनिधित्व किया हो, खेलवृत्ति हेतु आवेदन कर सकेंगें। खेलवृत्ति की अधिकतम आयु 19 वर्ष से अधिक नहीं होना चाहिए। खेल संघो से प्रोत्साहन के लिए उनके द्वारा वर्ष 2023-24 में (01 अप्रैल 2023 से 31 मार्च 2024 तक) एवं वर्ष 2024-25 में (01 अप्रैल 2024 से 31 मार्च 2025 तक) अर्जित की गई उपलब्धि के लिए प्रेरणा निधि के आवेदन जिला कार्यालय में निर्धारित तिथि तक जमा कर सकेंगें।
प्रभारी सहायक संचालक खेल एवं युवा कल्याण विभाग, रायगढ़ ने जानकारी देते हुए बताया कि राज्य खेल अलंकरण के अंतर्गत सीनियर वर्ग के ऐसे खिलाडिय़ों को शहीद राजीव पाण्डे पुरस्कार से अलंकृत किया जाता है, जिनके द्वारा राष्ट्रीय चैम्पियनशिप में या राष्ट्रीय खेलों में कोई पदक प्राप्त किया गया हो या अधिकृत अंतर्राष्ट्रीय प्रतियोगिता में देश का प्रतिनिधित्व किया गया हो। इसी प्रकार जूनियर वर्ग के उन खिलाडिय़ों को शहीद कौशल यादव पुरस्कार से अलंकृत किया जाता है, जिनके द्वारा जूनियर वर्ग के राष्ट्रीय चैम्पियनशिप में कोई पदक प्राप्त किया गया हो। ऐसे खिलाड़ी जिन्होंने विगत 5 वर्षो में चार बार सीनियर वर्ग में राष्ट्रीय चैम्पियनशिप में छत्तीसगढ़ की ओर से प्रतिनिधित्व करने वाले महिला, पुरूष खिलाडिय़ों को शहीद पंकज विक्रम सम्मान से सम्मानित किया जाता है। प्रशिक्षकों/निर्णायकों को वीर हनुमान सिंह पुरस्कार से अलंकृत किया जाता है। खेल से जुड़े 55 वर्ष या अधिक उम्र के अंतर्राष्ट्रीय खेल प्रतियोगिता में भाग लिया हो या राष्ट्रीय प्रतियोगिता में पदक प्राप्त किया हो या संबंधित ने ऐसी कोई उल्लेखनीय सेवा खेल के क्षेत्र में किए हो, जिसके आधार पर उन्हें सम्मानित किये जाने हेतु विचार किया जाए, उन्हें शहीद विनोद चौबे सम्मान से अलंकृत किया जाता है। इसी प्रकार सीनियर व जूनियर वर्ग में राष्ट्रीय प्रतियोगिता में पदक प्राप्त दल को मुख्यमंत्री ट्रॉफी प्रदान की जाती है। पुरस्कार के नियम छत्तीसगढ़ राजपत्र में प्रकाशित किये गये हैं, नियमों के अंतर्गत पात्रता रखने वाले आवेदकों को पुरस्कार के लिए प्रावीण्यता के आधार पर चयन किया जाएगा। साथ ही राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में पदक प्राप्त विजेताओं को प्रोत्साहन नियम के तहत नगद राशि पुरस्कार अलंकरण प्रदान किया जाता है।

Ro.No - 13672/140

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here