New light of education in Vasadi Higher Secondary School
वर्षों बाद मिले गणित-विज्ञान विषय के शिक्षक

युक्तियुक्तकरण से ग्रामीणों की वर्षों पुरानी मांग हुई पूरी, बच्चों को मिली गुणवत्ता पूर्ण शिक्षा की सौगात
रायपुर / छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा शिक्षा के क्षेत्र में किए जा रहे युक्तियुक्तकरण के प्रयास अब ज़मीनी स्तर पर रंग ला रहे हैं। मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी जिले में इसका उदाहरण विकासखंड मोहला के ग्राम पंचायत वासड़ी में देखने को मिला, जहां वर्षों से विषय विशेषज्ञ शिक्षकों की कमी दूर हो गई है। इस हायर सेकेंडरी स्कूल के बच्चों को अब गणित और विज्ञान विषय के शिक्षक मिल गए हैं।
वासड़ी के हायर सेकेंडरी स्कूल में लंबे समय से गणित और विज्ञान विषय पढ़ाने के लिए योग्य शिक्षक की कमी बनी हुई थी। यह समस्या ना केवल छात्रों की पढ़ाई को प्रभावित कर रही थी, बल्कि गांववासियों के लिए भी चिंता का विषय बनी हुई थी। ग्रामीणों ने इसको लेकर कई बार शासन-प्रशासन से मांग की थी, लेकिन समाधान नहीं हो पा रहा था।
राज्य सरकार की युक्तियुक्तकरण नीति के तहत यहां शिक्षकों की तैनाती की गई, जिससे वासड़ी जैसे दूरस्थ गांव को भी विषय विशेषज्ञ शिक्षक मिल सके। अब इस विद्यालय में गणित और विज्ञान विषय पढ़ाने के लिए शिक्षक की उपस्थिति से छात्रों के लिए शिक्षा की दिशा में एक बड़ा बदलाव आएगा। शिक्षकों की नियुक्ति से छात्रों में अध्ययन के प्रति उत्साह बढ़ा है। पहले जहां इन विषयों को लेकर भ्रम और कठिनाई थी, अब नियमित कक्षाएं और मार्गदर्शन से छात्रों का आत्मविश्वास भी मजबूत होगा। अभिभावकों ने भी शासन की इस पहल का स्वागत करते हुए इसे एक महत्वपूर्ण बताया है। उन्होंने कहा कि अब उनके बच्चों को अपने ही गांव में बेहतर शिक्षा मिलेगी।



