Group yoga practice was held on the theme “Do yoga every day, stay healthy”. GP Mishra and Pawan Agrawal conducted yoga
एमएसपी स्टील कारखाना में 11वां अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस हर्षोल्लास से मनाया गया, बी.के. सिंह ने दी शुभकामनाएं

रायगढ़।
जमगांव स्थित एमएसपी स्टील कारखाना में 11वां अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस उत्साह और ऊर्जा के साथ मनाया गया। इस वर्ष की थीम “रोज करो योग, रहो निरोग” के तहत कारखाना परिसर में सामूहिक योगाभ्यास का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम एमएसपी गेस्ट हाउस के प्रांगण में आयोजित हुआ, जिसमें अधिकारियों और कर्मचारियों सहित अनेक लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम में रायगढ़ शहर से आमंत्रित योग शिक्षक जीपी मिश्रा एवं पवन अग्रवाल के सानिध्य में उपस्थितजनों को विभिन्न योगासनों का अभ्यास कराया गया। उन्होंने प्राणायाम, सूर्य नमस्कार, वज्रासन, ताड़ासन सहित कई उपयोगी आसनों का अभ्यास करवाया और उनके लाभों के बारे में विस्तार से बताया।
योग शिक्षकों ने अपने संबोधन में योग को सिर्फ शरीर की कसरत नहीं, बल्कि मन, आत्मा और विचारों की एकता का साधन बताया। इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के योग दिवस पर दिए गए उद्बोधन का भी उल्लेख किया गया, जिससे प्रतिभागियों को प्रोत्साहन मिला।
कारखाना प्रभारी बी.के. सिंह ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सभी को योग दिवस की शुभकामनाएं दीं और योग को दैनिक जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने की अपील की। उन्होंने कहा, “स्वस्थ जीवनशैली की दिशा में योग एक सशक्त माध्यम है। यदि व्यक्ति नियमित योग करे तो उसे 90 प्रतिशत तक कोई बीमारी नहीं हो सकती।”
इस आयोजन में मानव संसाधन विभाग के सुरेश पाठक एवं उनकी टीम की महत्वपूर्ण और सक्रिय भूमिका रही, जिनके कुशल संचालन से कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
कार्यक्रम का उद्देश्य योग के प्रति जागरूकता फैलाना और कर्मचारियों को मानसिक एवं शारीरिक रूप से सशक्त बनाना था, जिसे पूर्ण रूप से सफलता मिली।




