Rahul Gandhi’s leadership is the sentinel of India’s democratic soul: Sunil Maheshwari
सौरभ बरवाड़/भाटापारा– राहुल गांधी के जन्मदिन के अवसर पर प्रदेश कांग्रेस प्रतिनिधि सुनील माहेश्वरी ने भाटापारा, सिमगा, बलौदाबाजार के विभिन्न कार्यक्रम में शामिल होकर कहा की
“राहुल गांधी का नेतृत्व भारत की लोकतांत्रिक आत्मा का प्रहरी है।”

श्री माहेश्वरी ने आज कहा की देश के जनप्रिय नेता, भारत जोड़ो यात्रा के प्रेरणास्रोत और संविधान की रक्षा के प्रतीक राहुल गांधी के प्रति हम श्रद्धा, सम्मान और शुभकामनाएं प्रेषित करते है। उन्होंने आगे कहा कि राहुल गांधी केवल एक राजनेता नहीं, बल्कि आज के भारत की विवेकशील चेतना के प्रतीक हैं, जिन्होंने भारत जोड़ो यात्रा के माध्यम से देश के हर नागरिक को जोड़ने और नफरत को हरा कर मोहब्बत की दुकान खोलने का अद्भुत संदेश दिया। वे उस पीढ़ी के नेता हैं, जो संविधान को मात्र एक दस्तावेज नहीं, बल्कि जनता की आत्मा मानते हैं, और उसकी रक्षा के लिए हर प्रकार की लड़ाई लड़ने को तत्पर रहते हैं।
श्री माहेश्वरी ने आयोजित संगोष्ठी में कहा कि देश के युवाओं को जब बेरोजगारी की अंधी सुरंग में धकेला जा रहा है, तब राहुल गांधी ने उन्हें सम्मानजनक रोज़गार और आत्मसम्मान की लड़ाई के लिए प्रेरित किया है। उनके आर्थिक दृष्टिकोण में देश के सबसे कमजोर तबके को ताकत देने की स्पष्ट नीति है, और यही उनके “न्याय योजना”, “युवा नीति” तथा “MSME विकास” जैसे विज़न में दिखाई देता है।
श्री माहेश्वरी ने आगे कहा कि राहुल गांधी ने बार-बार यह सिद्ध किया है कि वे सत्ता के नहीं, सेवा के प्रतीक हैं। जब संसद से उनकी आवाज़ दबाई गई, तब उन्होंने डरने के बजाय जनता के बीच जाकर भारत जोड़ो यात्रा से सत्य की मशाल जलाई।देशवासियों का मार्गदर्शन किया। यह यात्रा केवल एक पदयात्रा नहीं, बल्कि भारत की आत्मा को बचाने का राष्ट्रीय आंदोलन बन चुकी है।
श्री माहेश्वरी ने यह भी कहा कि राहुल गांधी की दूरदर्शिता का उदाहरण है कि वे आज नहीं, आने वाले भारत की सोचते हैं – एक ऐसा भारत, जो समानता, भाईचारा, रोजगार और संविधान की मूल भावना पर आधारित हो।
भाटापारा में शहर कांग्रेस द्वारा आयोजित संगोष्ठी , स्वास्थ केंद्र के फल वितरण, बलौदाबाजार में जिला युवक कांग्रेस द्वारा आयोजित संगोष्ठी कार्यक्रम , सिमगा में निवास कार्यालय में केक काटकर राहुल गांधी का जन्म दिन मनाया गया ।



