Urban Primary Health Center Gandhinagar-Jute Mill Raigarh got 92.84 percent marks in National Quality Assurance Standards
भारत सरकार द्वारा निरीक्षण कर प्रमाणन की ओर बढ़ा कदम

रायगढ़, राष्ट्रीय शहरी स्वास्थ्य मिशन के अंतर्गत संचालित शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र, गांधीनगर-जूटमिल, रायगढ़ ने गुणवत्ता सेवा के क्षेत्र में एक उल्लेखनीय उपलब्धि दर्ज की है। भारत सरकार की राष्ट्रीय गुणवत्ता आश्वासन कार्यक्रम (एनक्यूएएस) के तहत 9 और 10 मई 2025 को दो दिवसीय निरीक्षण के बाद अस्पताल को 92.84 प्रतिशत का उत्कृष्ट स्कोर प्राप्त हुआ है।
एनक्यूएएस के चार चरणों वाले मूल्यांकन प्रक्रिया में अंतिम चरण में भारत सरकार की ओर से नामित विशेषज्ञों की टीम-डॉ.सुरेन्द्रनाथ ऐन्डी एवं श्रीमती लक्ष्मीप्रिया मिश्रा द्वारा विभिन्न सेवाओं की गुणवत्ता, मरीज संतुष्टि और मानक अनुरूप व्यवस्था का परीक्षण किया गया। निरीक्षण में 12 विभागों जैसे सामान्य चिकित्सा, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, टीकाकरण, आपातकालीन सेवाएं, फार्मेसी, प्रयोगशाला, आउटरीच सेवाएं, प्रशासन आदि का गहन मूल्यांकन किया गया।
मूल्यांकन के प्रमुख बिंदुओं में इन्फ्रास्ट्रक्चर, हाइजीन, संसाधनों की उपलब्धता, क्लिनिकल सेवाएं, सपोर्ट सर्विसेस, संक्रमण नियंत्रण, रिपोर्टिंग व्यवस्था और मरीजों के अधिकार शामिल रहे। इन मापदंडों पर संस्थान ने श्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए उच्च स्कोर अर्जित किया।
इस उपलब्धि पर मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ.अनिल कुमार जगत, जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ.बी.पी.पटेल, जिला कार्यक्रम प्रबंधक सुश्री रंजना पैंकरा, प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. जी.एस.पैंकरा, चिकित्सा अधिकारी डॉ.अन्नु पटेल, शहरी कार्यक्रम प्रबंधक डॉ.सोनाली मेश्राम, आरएमएनसीएच सलाहकार डॉ.राजेश मिश्रा सहित जिला स्वास्थ्य टीम ने संस्थान की टीम को बधाई दी एवं भविष्य में भी गुणवत्ता मानकों को बनाए रखने का आह्वान किया।



