कनाडा: मशहूर कॉमेडियन कपिल शर्मा और उनकी पत्नी गिन्नी चतरथ के लिए बुरी खबर सामने आई है। कनाडा में उनके हाल ही में खुले कैफे ‘कैप्स कैफे’ पर कुछ अज्ञात हमलावरों ने फायरिंग कर दी है। हालांकि, इस घटना में किसी के घायल होने की खबर नहीं है।
कपिल शर्मा ने लगभग दो साल की मेहनत के बाद पिछले हफ्ते ही गिन्नी के साथ मिलकर इस कैफे का इनॉग्रेशन किया था। ‘कैप्स कैफे’ में कॉफी और खाने को लेकर काफी भीड़ उमड़ रही थी, जिससे कपिल और गिन्नी दोनों ही काफी खुश थे।

क्या है मामला?
खबरों के मुताबिक, हमलावर एक गाड़ी में आए थे और उन्होंने उस बिल्डिंग पर कई राउंड फायरिंग की जिसमें कपिल शर्मा का कैफे स्थित है। फायरिंग के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए।
फिलहाल, इस हमले के पीछे का मकसद स्पष्ट नहीं हो पाया है। यह भी साफ नहीं है कि हमलावरों के निशाने पर सीधे कपिल शर्मा का रेस्तरां था या यह फायरिंग उन्हें धमकाने के इरादे से की गई थी। कपिल शर्मा या गिन्नी चतरथ की ओर से अभी तक इस घटना पर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।



