Children’s education affected due to arbitrary behaviour of the head teacher in Salauni Khurd Primary School – demand for removal intensifies
सारंगढ़।शासकीय प्राथमिक शाला सलौनी खुर्द में पदस्थ प्रधान पाठक कुशल प्रसाद जाटवर के विरुद्ध ग्रामवासियों द्वारा गंभीर आरोप लगाते हुए उन्हें विद्यालय से हटाने की मांग की गई है। ग्रामीणों का कहना है कि प्रधान पाठक नियमित रूप से विद्यालय नहीं आते और मनमाने तरीके से उपस्थित रहते हैं, जिससे बच्चों की पढ़ाई बुरी तरह प्रभावित हो रही है।

ग्रामीणों द्वारा लगाए गए आरोपों के अनुसार, प्रधान पाठक कुशल प्रसाद जाटवर बच्चों के साथ दुर्व्यवहार करते हैं, उन्हें लात-घूंसे से मारते हैं और अभद्र भाषा का प्रयोग करते हैं। कई बार मारपीट के चलते पालकों को बच्चों को स्कूल से ले जाना पड़ा। इतना ही नहीं, प्रधान पाठक ने राजनीतिक दुर्भावना से प्रेरित होकर कथित तौर पर यह भी कहा कि गांववालों ने उनकी पत्नी गशवंती जाटवर को जनपद सदस्य बी डी सी चुनाव में सहयोग नहीं किया, इसलिए वे इसका बदला लेंगे।
विद्यालय में वर्तमान में 30 से 35 विद्यार्थी अध्ययनरत हैं, जिनके प्रवेश व नामांकन में भी प्रधान पाठक द्वारा जानबूझकर लिपिकीय त्रुटियाँ की जा रही हैं, जिससे विद्यार्थियों के शैक्षणिक भविष्य पर संकट मंडरा रहा है। ग्रामीणों ने बताया कि इस संबंध में 24 अप्रैल 2025 को विकासखंड शिक्षाधिकारी बिलाईगढ़ को लिखित शिकायत दी गई थी, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई।
गांववासियों ने कलेक्टर महोदय से मांग की है कि बच्चों के भविष्य को ध्यान में रखते हुए कुशल प्रसाद जाटवर को तत्काल प्रभाव से विद्यालय से हटाया जाए, ताकि विद्यालय का संचालन सुचारु रूप से हो सके और बच्चों की पढ़ाई में सुधार आए।



