Forester Sahdev Behera received honor, Finance Minister gave him a certificate for excellent tree plantation, elephant management and forestry work
रायगढ़।
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर शहीद कर्नल विप्लव त्रिपाठी स्टेडियम रायगढ़ में आयोजित मुख्य समारोह में जिले के विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले अधिकारी- कर्मचारियों को सम्मानित किया गया। इसी कड़ी में वनपाल सहदेव बेहरा को उनके अद्वितीय कार्यों के लिए वित्त मंत्री ओपी चौधरी द्वारा प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।

डीएमएफ व मनरेगा मद अंतर्गत सफल वृक्षारोपण
सहदेव बेहरा ने वर्षा ऋतु 2024 में डीएमएफ एवं मनरेगा मद के अंतर्गत खसरा नंबर 176/1, रकबा 15.00 हेक्टेयर में मिश्रित वृक्षारोपण कर जिले में एक नई मिसाल कायम की। इस क्षेत्र में किए गए वृक्षारोपण ने न केवल हरियाली को बढ़ावा दिया, बल्कि स्थानीय जैव विविधता संरक्षण की दिशा में भी महत्वपूर्ण कदम सिद्ध हुआ।
हाथी प्रबंधन व वानिकी कार्यों में उत्कृष्ठ योगदान
वनपाल सहदेव बेहरा ने वृक्षारोपण के साथ-साथ हाथी प्रबंधन एवं वानिकी कार्यों में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। उनके निर्देशन में कार्यरत दल ने मानव-हाथी द्वंद को कम करने, हाथियों के सुरक्षित आवागमन हेतु मार्गदर्शन, और ग्रामीणों को समय-समय पर सतर्क करने जैसे सराहनीय कदम उठाए।
प्रकृति संरक्षण के प्रति समर्पण
उनके प्रयासों से न केवल वन विभाग की योजनाओं को गति मिली बल्कि ग्रामीण अंचलों में पर्यावरण संरक्षण की सोच को भी मजबूती मिली। सहदेव बेहरा के इस कार्य ने यह सिद्ध किया कि यदि समर्पण और ईमानदारी से प्रयास हो, तो वन संरक्षण और मानव जीवन दोनों के बीच संतुलन स्थापित किया जा सकता है।
सम्मान पर गर्व की अनुभूति
सम्मान प्राप्त कर सहदेव बेहरा ने कहा कि “यह पुरस्कार मेरे व्यक्तिगत प्रयास का नहीं बल्कि पूरे दल की मेहनत और टीम भावना का परिणाम है। मेरा लक्ष्य है कि आने वाले समय में वृक्षारोपण और हाथी प्रबंधन के क्षेत्र में और भी बेहतर कार्य कर सकूँ।”
सहदेव बेहरा का यह सम्मान रायगढ़ जिले के लिए गर्व की बात है, जो वन संरक्षण और पर्यावरण संतुलन की दिशा में एक प्रेरक उदाहरण प्रस्तुत करता है।




