The Swasth Nari, Sashakt Parivar Abhiyan will continue till October 2 to make women aware about health and nutrition.
17 सितम्बर को होगा जिला चिकित्सालय में अभियान का शुभारंभ

रायगढ़, शासन के निर्देशानुसार एवं कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी के मार्गदर्शन में जिले में स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार अभियान का आयोजन 2 अक्टूबर तक किया जाएगा। इस अभियान का शुभारंभ 17 सितम्बर को जिला चिकित्सालय रायगढ़ में किया जाएगा। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अनिल कुमार जगत ने बताया कि अभियान का उद्देश्य महिलाओं को स्वास्थ्य, पोषण, स्वच्छता और उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करना है, साथ ही समाज व परिवार में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका को रेखांकित करना भी है।
अभियान के अंतर्गत जिला, विकासखण्ड और ग्राम स्तर पर नि:शुल्क स्वास्थ्य परीक्षण शिविर लगाए जाएंगे, जिनमें गैर-संचारी रोगों, कैंसर, टीबी, सिकल सेल रोग, एनीमिया की जाँच, मातृ स्वास्थ्य, उच्च जोखिम गर्भावस्था की पहचान, शिशु व किशोर स्वास्थ्य सेवाएं, टीकाकरण, किशोरों में एनीमिया जाँच, हीमोग्लोबिन परीक्षण, ब्लड शुगर, बीपी जाँच, आयरन व फोलिक एसिड टैबलेट का वितरण और परामर्श सेवाएँ प्रदान करेगा। इसके साथ ही संतुलित आहार, आयरन और फोलिक एसिड की महत्ता पर विशेष जानकारी दी जाएगी। मासिक धर्म स्वच्छता पर शिक्षण, सुरक्षित आदतों को अपनाने के लिए प्रशिक्षण दिया जाएगा। टीबी रोगियों के सहयोग के लिए निक्षय मित्र कार्यक्रम के अंतर्गत जन सहभागिता और सहयोग को प्रोत्साहित किया जाएगा।



