लक्ष्य कार्यक्रम के तहत न्याय व्यवस्था को समझा, न्यायाधीशों व अधिवक्ताओं से की सार्थक चर्चा
रायगढ़।
भविष्य की दिशा तय करने और विद्यार्थियों को उनके संभावित पेशे से जोड़ने के उद्देश्य से वेदिक इंटरनेशनल स्कूल में संचालित “लक्ष्य कार्यक्रम” के तहत विद्यार्थियों ने 08 अक्टूबर 2025 को जिला न्यायालय रायगढ़ का शैक्षणिक भ्रमण किया।

इस दौरान विद्यार्थियों ने न्यायालयीन कार्यप्रणाली को नजदीक से देखा और अनुभव किया। कार्यक्रम के दौरान माननीय प्रधान न्यायाधीश, जिला एवं सत्र न्यायालय रायगढ़, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट सहित अन्य न्यायाधीशों ने विद्यार्थियों से सौहार्दपूर्ण चर्चा की तथा न्याय, अनुशासन और ईमानदारी जैसे मूल्यों पर अपने विचार साझा किए।
छात्र-छात्राओं ने न्यायालय की कार्यवाही को साक्षात देखकर कहा कि अब तक वे इसे केवल टीवी या सिनेमा में ही देखते थे, परंतु वास्तविक न्यायालयीन वातावरण को देखकर वे अभिभूत हो गए। उन्होंने कहा कि न्यायाधीशों एवं अधिवक्ताओं द्वारा दिया गया व्यावहारिक मार्गदर्शन उनके लिए जीवनभर की प्रेरणा रहेगा।
विद्यार्थियों को इस अवसर पर न्यायालय पुस्तकालय का भी भ्रमण कराया गया, जहाँ हजारों विधि संबंधी पुस्तकों का अध्ययन हेतु संकलन है। इस अनुभव ने विद्यार्थियों में न्याय व्यवस्था और कानून के प्रति गहरी रुचि उत्पन्न की तथा कई छात्रों ने भविष्य में कानून के क्षेत्र में करियर बनाने की इच्छा व्यक्त की।
इसी श्रृंखला में विद्यार्थियों ने कलेक्टोरेट परिसर का भी भ्रमण किया और प्रशासनिक कार्यों की झलक देखी।
पूरा भ्रमण अधिवक्ता फूल सिंह यादव के मार्गदर्शन में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
“लक्ष्य कार्यक्रम” के अंतर्गत इससे पूर्व भविष्य के चिकित्सकों के रूप में विद्यार्थियों ने नर्सिंग होम और अस्पतालों का भ्रमण कर डॉक्टरों, नर्सों और मरीजों के जीवन से जुड़ी कार्यप्रणालियों का अनुभव प्राप्त किया था।
इस प्रकार “लक्ष्य कार्यक्रम” विद्यार्थियों को उनके भविष्य के पेशे से परिचित कराने और उनमें आत्मविश्वास व उद्देश्य भावना विकसित करने का एक सराहनीय प्रयास है।





