रायगढ़।
रायगढ़ जिले के कोतरलिया स्थित इंड सिनर्जी पावर प्लांट में सोमवार को काम के दौरान एक दर्दनाक हादसा हो गया। ठेकेदारी फर्म ए. जी. कंस्ट्रक्शन के अधीन कार्यरत मजदूर श्रीकांत कुमार सिंह (उम्र 21 वर्ष), निवासी जिला औरंगाबाद (बिहार), लगभग 45 फीट की ऊंचाई पर स्टॉक हॉपर के ऊपर वेल्डिंग का कार्य कर रहे थे। इसी दौरान उनका पैर फिसल गया और वे नीचे गिर पड़े। गिरने से उनकी मौत हो गई।
घटना के तुरंत बाद साथी मजदूरों ने ठेकेदार और कंपनी प्रबंधन को सूचना दी। घायल श्रीकांत को आनन-फानन में मेट्रो अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। बाद में उनका शव मेडिकल कॉलेज रायगढ़ भेजा गया।
हादसे की जानकारी मिलते ही भारतीय जनता मजदूर ट्रेड यूनियन काउंसिल के जिला अध्यक्ष विमल चौधरी एवं युवा मोर्चा जिला अध्यक्ष चिरंजीव राय मौके पर पहुंचे। दोनों नेताओं ने पोस्टमार्टम स्थल पर पहुंचकर परिजनों, पुलिस अधिकारियों एवं मजदूर साथियों से घटना की जानकारी ली और मृतक को न्याय दिलाने के लिए ठोस कदम उठाने का आश्वासन दिया।

इस बीच, चक्रधर नगर थाना पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
ट्रेड यूनियन प्रतिनिधियों ने चेतावनी दी है कि यदि मृतक के परिजनों को उचित मुआवजा और न्याय नहीं मिला, तो संगठन आगे आंदोलन की राह अपनाएगा।



