Chief Justice Ramesh Sinha visits Raigarh, reviews judicial system
न्यायिक अधिकारियों से की चर्चा, लंबित प्रकरणों के शीघ्र निराकरण पर दिया बल

रायगढ़, छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय, बिलासपुर के मुख्य न्यायाधिपति श्री रमेश सिन्हा आज शुक्रवार को रायगढ़ पहुंचे। उनके आगमन पर जिला न्यायालय परिसर में प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश श्री जितेन्द्र कुमार जैन, न्यायिक अधिकारीगण, प्रशासनिक अधिकारीगण एवं अधिवक्तागण ने उनका आत्मीय स्वागत किया।
इस अवसर पर कलेक्टर श्री मयंक चतुर्वेदी तथा पुलिस अधीक्षक श्री दिव्यांग पटेल ने भी मुख्य न्यायाधिपति का स्वागत करते हुए न्यायालयीन कार्यों की संक्षिप्त जानकारी प्रस्तुत की।
निरीक्षण के दौरान मुख्य न्यायाधिपति ने जिला न्यायालय के विभिन्न अनुभागों का अवलोकन किया तथा न्यायिक अधिकारियों के साथ बैठक में लंबित प्रकरणों की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि न्यायिक प्रक्रिया में तेजी लाने, पुराने मामलों के शीघ्र निराकरण और न्याय वितरण प्रणाली को और अधिक सशक्त बनाने के लिए सभी अधिकारीगण समर्पित भाव से कार्य करें।
मुख्य न्यायाधिपति ने न्यायालयीन भवनों के रख-रखाव और स्वच्छता व्यवस्था पर भी विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सुव्यवस्थित न्यायालयीन वातावरण से न केवल कार्यकुशलता बढ़ती है, बल्कि न्याय पाने आने वाले नागरिकों में भी विश्वास सुदृढ़ होता है।
इस दौरान जिला अधिवक्ता संघ रायगढ़ की ओर से माननीय मुख्य न्यायाधिपति का स्वागत किया गया।



