Home Blog नगर पालिका परिषद भाटापारा मे आज एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई

नगर पालिका परिषद भाटापारा मे आज एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई

0

An important meeting was held today in Municipal Council Bhatapara.

सौरभ बरवाड़/भाटापारा– आज नगर पालिका परिषद् भाटापारा के सभाकक्ष क्रमांक–2 में गौधाम के समग्र विकास, गौ-सुरक्षा तथा नगर में घूमंतु गौवंश से संबंधित समस्याओं के समाधान पर विचार-विमर्श हेतु एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। इस बैठक की अध्यक्षता नगर पालिका परिषद् अध्यक्ष अश्वनी शर्मा द्वारा की गई।

Ro.No - 13672/140

बैठक में नगर पालिका परिषद् के पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों एवं नगरवासियों ने भाग लिया। इस अवसर पर गौधामों की आधारभूत संरचना, गोधन के भोजन की उपलब्धता, नियमित चिकित्सा सुविधा, उचित देखभाल, स्वच्छता व्यवस्था तथा सुरक्षा प्रबंधन जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तारपूर्वक चर्चा की गई।

बैठक में नागरिकों को अधिक से अधिक पैरा दान के लिए प्रेरित करने, घास एवं हरे चारे के उत्पादन को प्रोत्साहित करने, गौधाम में गोधन मालिकों द्वारा छोड़े गए पशुओं को रखने तथा ऐसे मालिकों पर दंडात्मक कार्यवाही करने, दो माह के चारे का अग्रिम भंडारण सुनिश्चित करने, रसीद प्रणाली के माध्यम से दान प्राप्त करने तथा गौधाम के गोबर से छेना निर्माण एवं गौमूत्र विक्रय जैसी योजनाओं को क्रियान्वित करने के सुझाव दिए गए।

इसके अतिरिक्त पार्षद श्रेणिक गोलछा द्वारा दिसंबर एवं मार्च माह में एक-एक ट्रॉली चारे की व्यवस्था करने की घोषणा की गई। वहीं गोलछा परिवार द्वारा ₹11,000 एवं श्री रामरतन मूंधड़ा जी द्वारा ₹1,00,000 का सहयोग प्रदान किया गया।

बैठक में नगर पालिका उपाध्यक्ष दिलीप छाबड़िया, मनीष मिश्रा, नंदु वैष्णव, श्रेणिक गोलछा, सतीश साहू, गोवेर्धन डहरिया, प्रकाश ठाकुर, शुभम राजपूत, दशरथ साहू, लिकेश साहू, योगेश अनंत, भुवन सिंह ठाकुर, रामरतन मूंधड़ा, अनिल चांडक, सुशील भूषणीया, अनिल रोचलानी, कैलाश बलानी, सुरेश भानुशाली, बजरंग दल से रवि वर्मा, गौसेवक अभिषेक मिश्रा, मुकेश शर्मा, पशु चिकित्सक डॉ अग्रवाल, शहर थाना प्रभारी प्रवीण मिंज, सुनील ठाकुर एवं प्रतिष्ठित नागरिकजन उपस्थित रहे।

नगर पालिका परिषद् अध्यक्ष अश्वनी शर्मा ने कहा कि यह पहल न केवल गौ-संरक्षण एवं गौ-कल्याण की दिशा में एक सराहनीय प्रयास है, बल्कि नगर के सामाजिक एवं पर्यावरणीय संतुलन को सुदृढ़ बनाने की दिशा में भी एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि गौमाता हमारी संस्कृति, संवेदना और करुणा की प्रतीक हैं, और नगर पालिका परिषद् भाटापारा उनके संरक्षण एवं सेवा के लिए निरंतर प्रयत्नशील रहेगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here