Home Blog संविधान दिवस पर कलेक्टोरेट में प्रस्तावना का सामूहिक वाचन

संविधान दिवस पर कलेक्टोरेट में प्रस्तावना का सामूहिक वाचन

0

Mass reading of the Preamble at the Collectorate on Constitution Day

कलेक्टर ने दिलाया संविधान के मूल मूल्य एवं कर्तव्यों के पालन का संकल्प

Ro.No - 13672/140

रायगढ़,  संविधान दिवस के अवसर पर जिला कलेक्टोरेट परिसर में गरिमामय कार्यक्रम आयोजित किया गया। कलेक्टर श्री मयंक चतुर्वेदी ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ भारतीय संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन किया। कार्यक्रम में नगर निगम महापौर श्री जीवर्धन चौहान, सभापति श्री डिग्रीलाल साहू, अपर कलेक्टर श्री अपूर्व प्रियेश टोप्पो, संयुक्त कलेक्टर श्रीमती पूजा बंसल सहित जिले के विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी-कर्मचारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

कार्यक्रम की शुरुआत संविधान पर आधारित एक प्रेरक लघु फिल्म के प्रदर्शन से हुई, जिसमें लोकतांत्रिक व्यवस्था, नागरिक अधिकारों एवं कर्तव्यों की महत्ता पर सारगर्भित जानकारी प्रस्तुत की गई। कलेक्टर श्री चतुर्वेदी ने प्रस्तावना का वाचन करते हुए कहा कि “हम भारत के लोग” से प्रारंभ होने वाली प्रस्तावना देश की सार्वभौमिकता, समाजवाद, पंथनिरपेक्षता, लोकतंत्र और गणराज्य की नींव को मजबूत करती है। उन्होंने कहा कि संविधान केवल अधिकार नहीं देता, बल्कि कर्तव्यों के प्रति भी जागरूक करता है। उन्होंने अधिकारियों-कर्मचारियों को संबोधित करते हुए कहा कि प्रशासन का प्रत्येक अंग संविधान की मूल भावना के अनुरूप कार्य करने का उत्तरदायी है। उन्होंने न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुता के संवैधानिक मूल्यों को अपने कार्य व्यवहार में उतारने पर बल दिया।

महापौर श्री जीवर्धन चौहान ने कहा कि 26 नवंबर देश के इतिहास का स्वर्णिम दिवस है, क्योंकि इसी दिन भारत ने अपना महान संविधान अंगीकृत किया था। उन्होंने समानता, पारदर्शिता, कर्तव्यनिष्ठा और जनसेवा के प्रति समर्पण के महत्व पर जोर दिया। कार्यक्रम में उपस्थित सभी अधिकारियों-कर्मचारियों ने संविधान की मूल भावना, लोकतांत्रिक सिद्धांतों और राष्ट्र की एकता-अखंडता को सर्वोपरि मानते हुए अपने कर्तव्यों के प्रति निष्ठा से कार्य करने का संकल्प लिया। संविधान दिवस के इस अवसर पर जिले के सभी शासकीय कार्यालयों, शिक्षण संस्थानों और अन्य प्रतिष्ठानों में भी विभिन्न जागरूकता गतिविधियों, प्रस्तावना वाचन और विशेष कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। नागरिकों और कर्मचारियों ने बढ़-चढ़कर सहभागिता की।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here