Swadeshi Sankalp Yatra to reach Raigarh: Preparations in full swing to make Vocal for Local a mass movement
30 नवंबर को आगमन, 1 दिसंबर को शहीद चौक से होगा भव्य शुभारंभ स्थानीय व्यापार, स्वदेशी उद्योग और आत्मनिर्भर भारत को मिलेगा नई दिशा

रायगढ़। स्वदेशी जागरण मंच और कन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (CAIT) द्वारा देशभर में संचालित स्वदेशी संकल्प यात्रा का बहुप्रतीक्षित आगमन 30 नवंबर 2025 को रायगढ़ में होने जा रहा है। यह यात्रा 1 दिसंबर को रायगढ़ नगर के प्रमुख शहीद चौक से प्रातः 10.30 बजे भव्य रूप में प्रारंभ होगी। यात्रा शहर के प्रमुख मार्गों—सिल्वर पैलेस, गौरीशंकर मंदिर चौक, पुराना शनि मंदिर, सुभाष चौक, हटरी चौक, लाल टंकी और केवड़ाबाड़ी होते हुए महादेव मंदिर तक पहुंचेगी।
यह संकल्प यात्रा स्थानीय समुदाय, व्यापारियों, युवाओं और नागरिकों में स्वदेशी, आत्मनिर्भर भारत और ‘वोकल फॉर लोकल’ विचारधारा के प्रति नई ऊर्जा का संचार करेगी। यह अभियान व्यापारिक जगत के लिए प्रेरणादायी पहल के रूप में उभर रहा है, जिसका उद्देश्य राष्ट्रीय और स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देना, छोटे कारोबारियों का संरक्षण करना और भारतीय आर्थिक मॉडल को सशक्त बनाना है।
महापौर को सौंपा निमंत्रण, आयोजन को मिला समर्थन
यात्रा को सफल बनाने हेतु स्वदेशी जागरण मंच रायगढ़ के जिला संयोजक प्रेम नारायण मौर्य, CAIT इकाई अध्यक्ष किशोर तलरेजा, महेश जी सहित अन्य सदस्यों ने नगर पालिक निगम रायगढ़ के महापौर जीवार्धन चौहान एवं सभापति डिग्री लाल साहू से सौजन्य मुलाकात कर उन्हें इस राष्ट्रीय महत्व के आयोजन में आमंत्रित किया। महापौर ने इस पहल का स्वागत करते हुए अपने स्तर पर सहयोग प्रदान करने का आश्वासन दिया।
यात्रा का मूल उद्देश्य आर्थिक स्वावलंबन की दिशा में निर्णायक कदम
स्वदेशी संकल्प यात्रा का मुख्य उद्देश्य स्थानीय प्रोटोटाइप, स्टार्टअप और उद्यमों को मजबूत करना, छोटे एवं मध्यम व्यापारियों को सशक्त बनाना, ‘वोकल फॉर लोकल’ को एक राष्ट्रीय जनआंदोलन बनाना, भारतीय स्वदेशी उद्योगों और उत्पादों पर विश्वास बढ़ाना, आर्थिक आत्मनिर्भरता को गांव, शहर और राष्ट्रीय स्तर पर मजबूत करना, देशभर में यह यात्रा स्वदेशी विचारधारा को सामाजिक, व्यावसायिक और राष्ट्रीय स्तर पर सुदृढ़ करने का एक विशाल मंच बन चुकी है, जिसमें लाखों नागरिकों की सहभागिता लगातार बढ़ रही है।
नागरिकों से सहभागिता की अपील
स्वदेशी जागरण मंच और CAIT इकाई रायगढ़ ने जिले के व्यापारियों, सामाजिक संगठनों, युवाओं, बुद्धिजीवियों और आम नागरिकों से विनम्र आग्रह किया है कि वे बढ़-चढ़कर इस यात्रा से जुड़ें तथा स्वदेशी और आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को सशक्त करने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएं।




