Immediate correction of mapping error in census sheet digitization, correcting the name of former MLA Gulab Singh Kamro in the correct records
संबंधित बीएलओ को कारण बताओ नोटिस

रायगढ़, भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार जिले में विशेष गहन पुनरीक्षण कार्य सुचारू और व्यवस्थित रूप से जारी है। बीएलओ द्वारा घर-घर जाकर गणना पत्रक का वितरण, संग्रहण और डिजिटाइजेशन की प्रक्रिया की जा रही है। इसी प्रक्रिया के दौरान हुई एक तकनीकी त्रुटि पर कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री मयंक चतुर्वेदी ने त्वरित संज्ञान लेते हुए सुधारात्मक कदम उठाए हैं। मनेन्द्रगढ़ जिले की विधानसभा क्रमांक–1 भरतपुर–सोनहत के पूर्व विधायक श्री गुलाबसिंह कमरो ने 21 नवम्बर 2025 को सूचना दी थी कि उनका नाम गलती से जिला रायगढ़, विधानसभा–19 धरमजयगढ़ के मतदान केन्द्र क्रमांक 169 – कया-1 तहसील घरघोड़ा के मतदाता गुलाब महंत पिता आनंद उम्र 25, EPIC NO: LSC1058569 के स्थान पर मैप हो गया है। नाम एवं पिता का नाम समान होने के कारण यह त्रुटि एसआईआर प्रक्रिया के दौरान गणना पत्रक के डिजिटाइजेशन में हुई।
अनुविभागीय अधिकारी राजस्व सह निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी धरमजयगढ़ ने बताया कि सूचना मिलते ही संबंधित बीएलओ को कारण-बताओ नोटिस जारी किया गया। तत्पश्चात 25 नवम्बर को बीएलओ एप में अनमैप विकल्प उपलब्ध होते ही पूर्व विधायक श्री गुलाबसिंह कमरो का नाम तत्काल अनमैप कर दिया गया। अधिकारी ने बताया कि श्री कमरो का वास्तविक एवं वैध नामांकन विधानसभा–1 भरतपुर–सोनहत, मतदान क्रमांक 283, साल्ही, सरल क्रमांक 571, EPIC NO: FDN0643080 में विधिवत दर्ज है। पूर्व विधायक ने एसआईआर–2025 में अपना गणना पत्रक स्वयं भरकर प्रस्तुत कर दिया है, जिसकी छायाप्रति विभाग के अभिलेखों में सुरक्षित है। अनुविभागीय अधिकारी राजस्व सह निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी धरमजयगढ़ ने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया की पारदर्शिता, विश्वसनीयता और त्रुटि-रहित संचालन सुनिश्चित करना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसी उद्देश्य से प्रकरण का तुरंत निराकरण कर आवश्यक कार्रवाई की गई है।



