Police take swift action in theft case: Three thieves who entered the house were arrested and sent on judicial remand.
रायगढ़, जोबी पुलिस ने 29–30 नवंबर की रात ग्राम खडगांव में घर के अंदर चोरी के इरादे से घुसे तीन आरोपियों को तत्परता से पकड़कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। घटना के संबंध में खडगांव निवासी श्रीमती ज्योति कुमारी महंत (28 वर्ष) ने 30 नवंबर को पुलिस चौकी में रिपोर्ट दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि 29 नवंबर की रात घर के सभी सदस्य अपने-अपने कमरों में सोए हुए थे। करीब रात 1 बजे उन्हें ड्रेसिंग टेबल का दराज खुलने की आवाज सुनाई दी। जब वे जागकर देखीं तो गांव का नीलाम्बर सारथी दराज खोल रहा था। शोर मचाने पर वह बाहर की ओर भाग गया और उसके दो साथी उसे लेकर मोटरसाइकिल से फरार हो गए। घर की जांच करने पर उनका रेडमी मोबाइल फोन गायब मिला।

मोबाइल चोरी की रिपोर्ट के आधार पर पुलिस चौकी जोबी में आरोपी नीलाम्बर सिंह सारथी और उसके दो साथियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 612/2025 धारा 331(4), 305(a) BNS के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। चौकी प्रभारी एएसआई लक्ष्मी नारायण राठौर ने तत्काल पतासाजी कर नीलाम्बर को हिरासत में लिया। पूछताछ में उसने अपने साथियों श्याम सुंदर डनसेना और भूषण सिदार के साथ चोरी करना स्वीकार किया। दोनों अन्य आरोपियों को भी पुलिस ने धर दबोचा। आरोपियों ने चोरी किया गया मोबाइल तालाब में फेंकने की बात स्वीकार की। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त हीरो ड्रीम मोटरसाइकिल (CG 13 BF 8703) चाबी सहित जब्त कर ली तथा सभी आरोपियों को चोरी के मामले में न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
पुलिस अधीक्षक श्री दिव्यांग पटेल के दिशा-निर्देशन तथा एसडीओपी प्रभात पटेल के मार्गदर्शन में की गई इस त्वरित कार्रवाई में चौकी प्रभारी एएसआई लक्ष्मी राठौर के साथ प्रधान आरक्षक दशरथ लाल सिदार, आरक्षक राजेश, अश्विनी एवं इतवारी सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही।



