The administration once again cracked down on illegal paddy smuggling in Lalunga.
लैलूंगा। अवैध धान तस्करों पर प्रशासन की सख्ती लगातार तेज होती जा रही है। इसी कड़ी में एक बार फिर नायब तहसीलदार हिमांशु सिंह ने ताबड़तोड़ कार्रवाई करते हुए धान तस्करी के एक बड़े मामले का पर्दाफाश किया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मुखबिर से मिली पुख्ता सूचना के आधार पर ओडिशा नंबर की एक पिकअप वाहन को रोका गया। वाहन में कुल 59 बोरी धान अवैध रूप से परिवहन करते हुए पाया गया, जिसे उड़ीसा से लाकर लैलूंगा क्षेत्र सहित आसपास के इलाकों में खपाने की कोशिश की जा रही थी। बताया जा रहा है कि यह धान रात के समय कटकलिया–लैलूंगा मार्ग से होते हुए तस्करी कर लाया जा रहा था एसडीएम के मार्गदर्शन में नायब तहसीलदार हिमांशु सिंह ने तत्काल मौके पर पहुंचकर वाहन को जप्त किया और मंडी एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए धान को मंडी बोर्ड घरघोड़ा भेज दिया है। वहीं पिकअप वाहन को धान सहित लैलूंगा मंडी के सुपुर्द कर दिया गया है। जांच में सामने आया कि वाहन का मालिक हिमसागर यादव, निवासी लेफ़रीपारा उड़ीसा है। वहीं सह-चालक भी उड़ीसा का ही बताया जा रहा है, जो धान को छुपाकर लैलूंगा क्षेत्र में उतारने की योजना में शामिल था। नायब तहसीलदार हिमांशु सिंह द्वारा पिछले कुछ दिनों से लगातार की जा रही कार्रवाइयों ने अवैध धान तस्करों में हड़कंप मचा दिया है। उनके नेतृत्व में की गई ताबड़तोड़ कार्रवाइयों से प्रशासनिक सक्रियता और कड़ाई साफ झलकती है। स्थानीय प्रशासन का कहना है कि धान तस्करी पर रोक लगाने के लिए अभियान और अधिक तेज किया जाएगा, ताकि किसानों और शासन को होने वाले नुकसान को रोका जा सके। यह कार्रवाई एक बार फिर साबित करती है कि लैलूंगा प्रशासन अवैध गतिविधियों पर किसी भी तरह की ढिलाई देने के मूड में नहीं है।




