सर्व समाज का आह्वान, 24 दिसंबर को रायगढ़ में निकलेगी सैकड़ों वाहनों की बाइक रैली
रायगढ़।प्रदेश में लगातार उत्पन्न हो रही सामाजिक कशमकश, जनजातीय आस्था पर हो रहे आघात तथा सुनियोजित सांस्कृतिक टकराव के विरोध में सर्व समाज, छत्तीसगढ़ ने 24 दिसंबर 2025 को प्रदेशव्यापी छत्तीसगढ़ बंद का आह्वान किया है। संगठन ने स्पष्ट किया कि यह बंद पूर्णतः शांतिपूर्ण, अहिंसक एवं संवैधानिक दायरे में रहेगा, जिसमें प्रदेश के विभिन्न सामाजिक, जनजातीय एवं नागरिक संगठन सहभागी होंगे।
आमाबेड़ा की घटना नहीं, बल्कि एक सुनियोजित और खतरनाक पैटर्न
सर्व समाज ने कहा कि उत्तर बस्तर कांकेर के आमाबेड़ा क्षेत्र में घटित घटना कोई पहली या अकेली घटना नहीं है। इससे पूर्व भी छत्तीसगढ़ के जनजातीय, ग्रामीण और मैदानी क्षेत्रों में इसी प्रकार की घटनाएं सामने आती रही हैं।
संगठन का आरोप है कि ईसाई मिशनरियों एवं कन्वर्ज़न-प्रेरित समूहों द्वारा एक निश्चित पैटर्न के तहत समाज में तनाव, वैमनस्य और टकराव फैलाने का प्रयास किया जा रहा है, जिसका सबसे अधिक दुष्परिणाम जनजातीय समाज को भुगतना पड़ रहा है।
पाँचवीं अनुसूची की अनदेखी, प्रशासन की भूमिका पर गंभीर सवाल
आमाबेड़ा प्रकरण ने यह भी उजागर किया कि पाँचवीं अनुसूची के अंतर्गत अधिसूचित जनजातीय क्षेत्रों में ग्राम सभा की भूमिका, जनजातीय आस्था एवं परंपराओं की संवैधानिक सुरक्षा को गंभीर रूप से नजरअंदाज किया गया।
स्थानीय विरोध के बावजूद जिला पुलिस-प्रशासन की निष्क्रियता, बाहरी संगठनों की सक्रिय भूमिका और कथित पक्षपातपूर्ण कार्रवाई ने प्रशासन की निष्पक्षता पर प्रश्नचिह्न खड़े कर दिए हैं।

सर्व समाज की पाँच प्रमुख मांगें
सर्व समाज, छत्तीसगढ़ ने शासन-प्रशासन के समक्ष निम्नलिखित वैधानिक एवं न्यायसंगत मांगें रखी हैं—
राज्य में धर्म स्वतंत्रता विधेयक को शीघ्र प्रभावी कर सख्ती से लागू किया जाए, ताकि प्रलोभन, दबाव अथवा षड्यंत्रपूर्वक हो रहे अवैध धर्मांतरण पर रोक लगे।
कांकेर जिले में जनजातीय समाज पर हुए संगठित हमले के लिए जिम्मेदार भीम आर्मी से जुड़े तत्वों एवं कन्वर्टेड ईसाई समूहों के आरोपियों पर कठोरतम धाराओं में तत्काल कार्रवाई हो।
जनजातीय समाज के साथ पक्षपात एवं शांतिपूर्ण ग्रामीणों पर अत्यधिक बल प्रयोग के आरोपों को देखते हुए कांकेर की पुलिस अधीक्षक इंदिरा कल्याण एलेसेला को तत्काल निलंबित कर उच्चस्तरीय निष्पक्ष जांच कराई जाए।
शव दफन प्रक्रिया में पक्षपात के आरोप में एसडीएम ए.एस. पैकरा एवं तहसीलदार सुधीर खलखो को निलंबित कर उनकी भूमिका की निष्पक्ष जांच कराई जाए।
जनजातीय ग्रामीणों पर दर्ज कथित पक्षपातपूर्ण आपराधिक प्रकरणों को तत्काल निरस्त किया जाए तथा हिंसा एवं बल प्रयोग से पीड़ितों को समुचित मुआवजा प्रदान किया जाए।
धर्म विरोध नहीं, संविधान और समरसता की रक्षा का आंदोलन
सर्व समाज ने दो टूक कहा कि यह आंदोलन किसी धर्म या समुदाय के विरुद्ध नहीं, बल्कि संवैधानिक अधिकारों, जनजातीय आस्था, सामाजिक समरसता एवं कानून के शासन की रक्षा के लिए है।
यदि शासन-प्रशासन समय रहते निष्पक्ष एवं ठोस निर्णय नहीं लेता है, तो आंदोलन को लोकतांत्रिक और कानूनी दायरे में और व्यापक किया जाएगा, जिसकी संपूर्ण जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में दी गई जानकारी
यह जानकारी सुरेन्द्र सिंह बल, चक्रधर पटेल, प्रेमानंद सिदार, श्रीमति किरण चौहान, श्रीमति अनुषा कातोरे एवं श्रीमति स्नेहा तिवारी ने संयुक्त रूप से प्रेस कॉन्फ्रेंस में दी।
24 दिसंबर को रायगढ़ में निकलेगी भव्य बाइक रैली
दिनांक 15 से 18 दिसंबर 2025 के मध्य उत्तर बस्तर स्थित आमाबेड़ा क्षेत्र के बड़े तेवड़ा गांव में घटित अराजक घटना के विरोध में प्रतिकात्मक स्वरूप
दिनांक 23 दिसंबर 2025 (मंगलवार) को सर्व समाज जिला रायगढ़ द्वारा श्रीरामलीला मैदान, रायगढ़ में सहमति बनी कि सैकड़ों की संख्या में बाइक रैली निकाली जाएगी। यह रैली 24 दिसंबर 2025 के रायगढ़ बंद के समर्थन एवं जनजागरूकता हेतु आयोजित की जा रही है।
बाइक रैली का निर्धारित मार्ग
श्रीरामलीला मैदान – घड़ी चौक – हंडी चौक – सुभाष चौक ओवरब्रिज – कबीर चौक – मिट्ठू मुड़ा – गोगा मंदिर – नया शनि मंदिर – शहीद चौक – अग्रसेन चौक – श्याम टॉकीज चौक – स्टेशन चौक – सत्तीगुड़ी चौक – कोतरा रोड – संजय मैदान – ढिमरापुर रोड – ढिमरापुर चौक – गंगा नर्सिंग होम – केवड़ाबाड़ी चौक – इंदिरा नगर – बोईरदादर चौक – चक्रधर नगर चौक – हेमुकलानी चौक में समापन होगा ।



