घरेलू कामकाज को हमेशा के लिए अलविदा कहने का सपना अब हकीकत बनने जा रहा है। टेक्नोलॉजी दिग्गज LG इलेक्ट्रॉनिक्स CES 2026 में अपने सबसे महत्वाकांक्षी उत्पाद, AI-पावर्ड होम असिस्टेंट रोबोट ‘LG CLOiD’ से पर्दा उठाने के लिए तैयार है। यह रोबोट सिर्फ एक गैजेट नहीं, बल्कि एक संपूर्ण घरेलू सहायक है, जिसे खास तौर पर रोज़ाना के मेहनत भरे कामों, जैसे- नाश्ता बनाना, कपड़े धोना, सुखाना और फोल्ड करना— को आसान बनाने के लिए डिज़ाइन किया गया है।

वेगास में 6 से 9 जनवरी तक होने वाले CES 2026 में पहली बार लाइव डेमो के जरिए यह रोबोट दुनिया के सामने आएगा, जो अपने आर्टिकुलेटेड आर्म्स, 5 उंगलियों वाले हाथों और यूजर की दिनचर्या को समझकर काम करने की AI क्षमता से लैस है। यह रोबोट ‘ज़ीरो लेबर होम’ (Zero Labor Home) के LG के विज़न को साकार करने की दिशा में एक बड़ा कदम है।
रोबोट क्या-क्या काम करेगा?
यह रोबोट कनेक्टेड हाउसहोल्ड अप्लायंसेज के साथ मिलकर काम कर सकता है और कई तरह के घरेलू काम करेगा:
नाश्ता बनाना: फ्रिज से दूध निकालना, ओवन में क्रोइसां रखकर नाश्ते की तैयारी करना।
कपड़े धोना: कपड़े धोने का प्रोसेस शुरू करना।
कपड़े सुखाना और फोल्ड करना: कपड़े सुखाने के बाद उन्हें फोल्ड करना।
कपड़े व्यवस्थित करना: कपड़ों को अलमारी में सेट करके रखना।
स्व-निर्णय: यूजर की लाइफस्टाइल और रूटीन को समझकर खुद तय करेगा कि कौन-सा काम कब करना है।
LG CLOiD का डिजाइन घर के माहौल को ध्यान में रखकर डिजाइन किया गया है। रोबोट में एक हेड यूनिट, दो आर्टिकुलेटेड आर्म्स वाला टॉर्सो और ऑटोनॉमस नेविगेशन से लैस व्हील्ड बेस देखने को मिलने वाला है। टॉर्सो ऊपर-नीचे झुक सकता है, जिससे रोबोट जमीन के पास रखी चीजें भी आसानी से उठा सकता है।
रोबोट के हर आर्म में 7 डिग्री ऑफ फ्रीडम हैं, जो इंसानी हाथों जैसी मूवमेंट करने की सुविधा देते हैं। इससे भी खास बात यह है कि हर हाथ में 5 उंगलियां भी हैं, जिससे यह नाजुक घरेलू काम भी आसानी से कर सकता है। इतना ही नहीं व्हील्ड बेस को बच्चों और पालतू जानवरों की सेफ्टी को देखते हुए लो सेंटर ऑफ ग्रैविटी के साथ तैयार किया गया है।



