Simple process, timely payments: Farmers have confidence in paddy procurement.
धान खरीदी के अंतिम चरण में भी व्यवस्था दुरुस्त, किसान संतुष्ट

रायगढ़, शासन के निर्देशानुसार जिले में धान खरीदी कार्य अंतिम चरण में भी पूरी पारदर्शिता एवं सुव्यवस्थित ढंग से संचालित किया जा रहा है। कलेक्टर श्री मयंक चतुर्वेदी के मार्गदर्शन में जिले के सभी धान उपार्जन केंद्रों में किसानों की सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं, जिससे किसानों को सहज एवं समयबद्ध रूप से धान विक्रय का लाभ मिल रहा है। प्रशासन द्वारा धान खरीदी की शेष अवधि के दौरान भी सतत निगरानी रखते हुए यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि किसानों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो तथा सभी पात्र किसान निर्धारित प्रक्रिया के अंतर्गत अपना धान विक्रय कर सकें।
विकासखंड रायगढ़ के ग्राम केराझर स्थित धान उपार्जन केंद्र में धान विक्रय के लिए पहुंचे ग्राम कोसाबाड़ी निवासी किसान श्री आनंद राम राठिया ने ऑनलाइन टोकन प्रणाली के माध्यम से ढाई सौ कट्टी धान का विक्रय किया। उन्होंने बताया कि इससे पूर्व भी वे धान विक्रय कर चुके हैं, जिसका भुगतान उन्हें समय पर सीधे उनके बैंक खाते में प्राप्त हो चुका है। किसान श्री राठिया ने उपार्जन केंद्र की व्यवस्थाओं पर संतोष व्यक्त करते हुए बताया कि केंद्र में बारदाना, पेयजल, छाया एवं बैठने जैसी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध हैं। साथ ही केंद्र प्रबंधन एवं कर्मचारियों द्वारा सहयोगात्मक व्यवहार किया जा रहा है, जिससे धान विक्रय की प्रक्रिया सरल एवं सुगम बनी हुई है। उन्होंने इस सुव्यवस्थित व्यवस्था के लिए शासन एवं जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया।



