7-a-side football tournament begins in grand style in Bhatapara
सर्कस मैदान में उमड़ा खेल प्रेमियों का उत्साह, युवाओं को मिला प्रतिभा प्रदर्शन का मंच

सौरभ बरवाड़/भाटापारा– नगर के सर्कस मैदान में दिनांक 12 से 14 फरवरी तक सम्राट फुटबॉल क्लब के तत्वाधान में आयोजित 7-ए-साइड फुटबॉल टूर्नामेंट का आज भव्य शुभारंभ उत्साह, उमंग और खेल भावना के साथ सम्पन्न हुआ। उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में नगर पालिका अध्यक्ष अश्वनी शर्मा विशेष अतिथि डॉ विकास आडिल,अमरजीत सलूजा ने उपस्थित होकर विधिवत शुभारंभ किया गया।
कार्यक्रम के आरंभ से ही सर्कस मैदान में खेल प्रेमी युवाओं, दर्शकों एवं स्थानीय नागरिकों की उल्लेखनीय उपस्थिति रही। खिलाड़ियों के जोश और ऊर्जा से पूरा वातावरण खेलमय हो उठा। विभिन्न टीमों के प्रतिभागियों ने अनुशासन एवं टीम भावना का परिचय देते हुए प्रतियोगिता में भाग लिया।
इस अवसर पर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए संबोधन में नगर पालिका अध्यक्ष अश्वनी शर्मा ने कहा कि खेल न केवल शारीरिक एवं मानसिक विकास का माध्यम है, बल्कि यह युवाओं में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, समन्वय और सकारात्मक सोच का भी विकास करता है। फुटबॉल जैसे टीम खेल से सामूहिक प्रयास, रणनीति और पारस्परिक सहयोग की भावना सुदृढ़ होती है, जो जीवन के प्रत्येक क्षेत्र में सफलता के लिए आवश्यक है।
उल्लेखनीय है कि इस प्रकार के आयोजन नगर के युवाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का सशक्त मंच प्रदान करते हैं। साथ ही स्वस्थ प्रतिस्पर्धा के माध्यम से उन्हें नशामुक्ति, सकारात्मक ऊर्जा एवं समाज के प्रति उत्तरदायित्व की भावना की ओर प्रेरित करते हैं।
आयोजन समिति, खिलाड़ियों, सहयोगी संस्थाओं एवं खेल प्रेमी नागरिकों के संयुक्त प्रयास से यह आयोजन भव्य रूप ले सका। इस सफल आयोजन हेतु आयोजन समिति के सभी पदाधिकारियों एवं सहयोगियों को हार्दिक बधाई एवं आगामी प्रतियोगिता के सफल संचालन हेतु शुभकामनाएँ प्रेषित की गईं।



