Police organized a public awareness program, information was given about strict action against illegal liquor and drugs under “Operation Aaghat”.
थाना प्रभारी छाल ने साइबर फ्रॉड से बचाव और नशा मुक्ति को लेकर रहवासियों को किया गया जागरूक

🚨 महिलाओं और नागरिकों से नशा मुक्त समाज बनाने पुलिस की अपील
रायगढ़, पुलिस अधीक्षक रायगढ़ श्री शशि मोहन सिंह के दिशा निर्देशन पर आज दिनांक 21.02.2026 को थाना प्रभारी छाल निरीक्षक त्रिनाथ त्रिपाठी के नेतृत्व में छाल बस्ती में जन जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य क्षेत्र के नागरिकों को बढ़ते साइबर फ्रॉड से सचेत करना, नशा मुक्ति के प्रति प्रेरित करना तथा मादक पदार्थों के विरुद्ध चलाए जा रहे “ऑपरेशन आघात” के तहत पुलिस द्वारा की जा रही सख्त कार्रवाई की जानकारी देना रहा।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए निरीक्षक त्रिनाथ त्रिपाठी ने कहा कि साइबर फ्रॉड से बचाव के लिए जागरूकता ही सबसे बड़ा हथियार है। उन्होंने बताया कि साइबर ठग मोबाइल पर आने वाले अनजान लिंक, फर्जी कॉल, बैंक या केवाईसी अपडेट के नाम पर लोगों से संपर्क कर उनकी व्यक्तिगत और बैंक संबंधी जानकारी, ओटीपी आदि प्राप्त कर ठगी करते हैं। उन्होंने नागरिकों को आगाह किया कि किसी भी अनजान कॉलर पर विश्वास न करें, अपनी बैंक या व्यक्तिगत जानकारी साझा न करें तथा किसी भी लालच या आकर्षक स्कीम के झांसे में आकर पैसे निवेश न करें, क्योंकि पैसे कमाने का कोई शॉर्टकट नहीं होता।
निरीक्षक त्रिपाठी ने महिलाओं को विशेष रूप से नशा मुक्ति अभियान में आगे आने का आह्वान करते हुए कहा कि महिलाएं समाज में सकारात्मक बदलाव की महत्वपूर्ण कड़ी हैं और पुलिस के साथ मिलकर इस सामाजिक बुराई को समाप्त करने में अहम भूमिका निभा सकती हैं। उन्होंने बताया कि वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह के निर्देशन पर “ऑपरेशन आघात” के तहत अवैध शराब, गांजा एवं अन्य मादक पदार्थों के कारोबार में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध छाल पुलिस द्वारा लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है और आगे भी यह अभियान जारी रहेगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी को भी अवैध शराब या मादक पदार्थों का कारोबार करने की अनुमति नहीं है तथा ऐसे गतिविधियों में संलिप्त पाए जाने पर संबंधित व्यक्तियों के साथ-साथ उन्हें संरक्षण देने वालों के विरुद्ध भी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
इस जन जागरूकता कार्यक्रम में क्षेत्र के प्रतिष्ठित नागरिक श्री महेश ठाकुर, महिला सरपंच श्रीमती मालती राठिया, सरपंच पति श्री नीलांबर राठिया, विधिक कार्यकर्ता श्रीमती मौसमी शर्मा, उप सरपंच, महिला समिति छाल सहित लगभग 300 ग्रामीणजन उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान नागरिकों ने पुलिस के इस प्रयास की सराहना करते हुए समाज में जागरूकता और शांति व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग का भरोसा दिलाया। कार्यक्रम में थाना प्रभारी श्रीनाथ त्रिपाठी के साथ उनके स्टाफ आरक्षक प्रबंध राठिया और उमेंद्र उरांव भी उपस्थित रहे।




