A large number of villagers reached the district level public problem resolution camp, many problems were resolved on the spot.
सुदूर वनांचल कापू में प्रशासन पहुंचा जनता के द्वार

विभिन्न विभागों ने लगाए स्टॉल, योजनाओं की दी जानकारी और हितग्राहियों को किया लाभान्वित
कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी एवं जनप्रतिनिधियों ने किया शिविर का अवलोकन
रायगढ़, सुदूर वनांचल क्षेत्र के नागरिकों तक शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने और उनकी समस्याओं के त्वरित समाधान के उद्देश्य से जिला प्रशासन द्वारा “प्रशासन पहुंचेगा जनता के द्वार” अभियान के तहत विकासखंड धरमजयगढ़ के तहसील मुख्यालय कापू स्थित मिडिल स्कूल प्रांगण में जिला स्तरीय जनसमस्या निवारण शिविर आयोजित किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने अपनी मांग एवं शिकायतें दर्ज कराई, जिनमें से कई आवेदनों का मौके पर ही निराकरण किया गया। शिविर का अवलोकन कलेक्टर श्री मयंक चतुर्वेदी एवं स्थानीय जनप्रतिनिधियों द्वारा किया गया। कलेक्टर ने विभागीय अधिकारियों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं के तहत पात्रतानुसार अधिक से अधिक लोगों को लाभान्वित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कोई भी पात्र व्यक्ति योजना के लाभ से वंचित नहीं रहना चाहिए।
कलेक्टर श्री चतुर्वेदी ने तत्काल निराकरण नहीं होने वाले आवेदनों की जांच कर नियमानुसार निर्धारित समय-सीमा के भीतर निराकरण करने तथा आवेदकों को इसकी सूचना उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि शिविरों का उद्देश्य केवल आवेदन प्राप्त करना नहीं, बल्कि अधिकाधिक प्रकरणों का मौके पर ही समाधान सुनिश्चित करना है, ताकि आम नागरिकों को शासकीय कार्यालयों के अनावश्यक चक्कर न लगाने पड़ें और प्रशासन के प्रति विश्वास भी सुदृढ़ हो। शिविर में स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए आमजनों से विभागीय स्टॉलों का भ्रमण कर शासन की योजनाओं की जानकारी प्राप्त करने तथा पात्रतानुसार लाभ उठाने का आग्रह किया।
शिविर में राजस्व, पंचायत एवं ग्रामीण विकास, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, कृषि, ग्रामीण यांत्रिकी सेवा, लोक निर्माण विभाग, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना, महिला एवं बाल विकास, स्वास्थ्य, चिप्स, शिक्षा, आदिवासी विकास, वन, समाज कल्याण, श्रम, मछली पालन एवं पशुधन विकास सहित विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाए गए। विभागीय अधिकारियों ने हितग्राहियों को योजनाओं की जानकारी देते हुए पात्रतानुसार लाभ लेने के लिए प्रेरित किया।
स्वास्थ्य विभाग के स्टॉल में 170 जरूरतमंद लोगों की निःशुल्क स्वास्थ्य जांच की गई तथा दवाइयों का वितरण किया गया। इसके अलावा 07 से अधिक लोगों के आयुष्मान कार्ड बनाए गए, 35 लोगों की टीबी जांच की गई, 100 महिलाओं की एनसीडी जांच की गई तथा 83 लोगों को दवाइयों का वितरण किया गया। शिविर में 40 से अधिक आधार कार्ड भी बनाए गए। श्रम विभाग द्वारा श्रमिकों के श्रम कार्ड बनाए गए, खाद्य विभाग द्वारा राशन कार्ड तथा समाज कल्याण विभाग द्वारा सामाजिक पेंशन की स्वीकृति प्रदान की गई। शिविर में अलग-अलग विभागों के लिए पंजीयन काउंटर बनाए गए थे, जिससे लोगों को आसानी से अपनी समस्याएं दर्ज कराने में सुविधा हुई। साथ ही शिविर स्थल पर पेयजल, छाया सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाएं भी सुनिश्चित की गई थीं।
हितग्राहियों को योजनाओं से किया गया लाभान्वित
शिविर के दौरान कई हितग्राहियों को विभिन्न योजनाओं के तहत लाभान्वित किया गया। इनमें 05 हितग्राहियों को प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत स्वीकृति प्रदान की गई। महिला स्व-सहायता समूह कुमरता को खेती कार्य के लिए 02 लाख रुपये तथा जय भीम समूह कापू को आजीविका गतिविधियों के लिए 2.50 लाख रुपये की सहायता प्रदान की गई। इसके साथ ही 10 बच्चों को स्थायी जाति प्रमाण पत्र, 15 किसानों को मृदा स्वास्थ्य कार्ड तथा 20 से अधिक हितग्राहियों को राशन कार्ड वितरित किए गए। मत्स्य विभाग अंतर्गत दो हितग्राहियों को मछली जाल एवं दो हितग्राही को आईस बाक्स प्रदाय किया गया। समाज कल्याण विभाग द्वारा मोतीराम को छड़ी उपलब्ध कराई गई, जिससे उनके चेहरे पर खुशी झलक उठी। योजनाओं का लाभ प्राप्त होने पर हितग्राहियों ने शासन-प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया। शिविर में आवास, शौचालय, पेयजल, सड़क, स्कूल, आंगनबाड़ी, अस्पताल तक सड़क निर्माण, आधार पंजीयन तथा राजस्व प्रकरणों सहित विभिन्न विषयों से संबंधित आवेदन प्राप्त हुए। जिला प्रशासन द्वारा प्राप्त आवेदनों पर नियमानुसार त्वरित कार्यवाही सुनिश्चित की जा रही है।
जनप्रतिनिधियों की रही उपस्थिति
शिविर में जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्री दीपक सिदार, जिला पंचायत सदस्य श्री पुरस्कार राठिया, जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती लीनव राठिया, श्री नीरज शर्मा, श्री भारत साहू, श्री विदेशी, श्री विनय शर्मा, श्रीमती दुर्गावती सिंह, श्रीमती अशांति टंडन, श्री मदन राठिया, श्री जनक राठिया, कापू सरपंच श्रीमती सुमित्रा सर्पराज, श्री संतोष गुप्ता, सरपंच श्रीमती शोभनी बाई मोदी, श्री धरमपाल गुप्ता, श्री निधीश्वर प्रधान, श्री मनीष राठौर सहित जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री अभिजीत बबन पठारे, अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) धरमजयगढ़ श्री प्रवीण भगत सहित विभिन्न विभागों के जिला एवं ब्लाक स्तरीय अधिकारी एवं कर्मचारी भी उपस्थित थे।



