दैनिक रीडर्स फर्स्ट @ संवाददाता।

आज दिनांक 16 3.2026 (गाजीपुर) सैदपुर घरेलू एलपीजी सिलेंडरों के कॉमर्शियल उपयोग और बाजार में गैस की कमी की फैल रही अफवाहों के बीच प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है।पूर्ति निरीक्षक गोबिंद सिंह ने हंसराजपुर बाजार में छापेमारी कर मिठाई की एक दुकान से बीस घरेलू एलपीजी सिलेंडर बरामद किए। सोमवार को पूर्ति निरीक्षक गोबिंद सिंह ने घरेलू एलपीजी सिलेंडरों के दुरुपयोग को रोकने के लिए बाजार की कई दुकानों में छापेमारी की।इस दौरान एक दुकान में घरेलू एलपीजी सिलेंडरों का कॉमर्शियल उपयोग करते हुए पाया गया।
मौके से बीस घरेलू एलपीजी सिलेंडर बरामद किए गए। पूर्ति निरीक्षक गोबिंद सिंह ने कहा कि घरेलू गैस सिलेंडर का व्यावसायिक उपयोग नियमों के खिलाफ है और इसे किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि घरेलू एलपीजी की कालाबाजारी पर प्रशासन सख्ती से कार्रवाई करेगा। इसी क्रम में पूर्ति निरीक्षक ने गैस एजेंसी संचालकों के साथ बैठक भी की। बैठक में एजेंसी संचालकों ने प्रशासन को आश्वस्त किया कि गैस सिलेंडरों की पर्याप्त उपलब्धता है और कहीं भी कमी नहीं है। पूर्ति निरीक्षक ने लोगों से अपील की कि गैस की कमी से जुड़ी अफवाहों पर ध्यान न दें। उन्होंने एजेंसी संचालकों को निर्देश दिए कि जरूरतमंद उपभोक्ताओं को समय पर सिलेंडर उपलब्ध कराए जाएं और कालाबाजारी पर सख्ती से रोक लगाई जाए।साथ ही प्रशासन ने चेतावनी दी है कि घरेलू एलपीजी सिलेंडर का कॉमर्शियल उपयोग करने वालों के खिलाफ अभियान चलाकर कार्रवाई की जाएगी। नियमों का उल्लंघन करने पर संबंधित दुकानों को सील भी किया जा सकता है।



