The Acting Collector and SSP met with Class 10 and 12 toppers, extending their congratulations by presenting bouquets.
कड़ी मेहनत और लगन से मिली सफलता, बच्चों ने साझा किए सफलता के मंत्र

किसान और ड्राइवर परिवारों से निकले होनहारों ने लहराया सफलता का परचम
आईएएस, डॉक्टर और इंजीनियर बनने का सपना संजोए आगे बढ़ रहे जिले के होनहार
रायगढ़, छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा घोषित कक्षा 10वीं एवं 12वीं बोर्ड परीक्षा परिणाम में रायगढ़ जिले के विद्यार्थियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए प्रदेश के टॉप-10 में अपनी जगह बनाई है। जिले से कुल 8 विद्यार्थियों ने टॉप टेन में स्थान हासिल कर जिले का मान बढ़ाया है, जिनमें कक्षा 10वीं से 2 एवं कक्षा 12वीं से 6 विद्यार्थी शामिल हैं। इस उपलब्धि से पूरे जिले में हर्ष का माहौल है। आज इन सभी मेधावी विद्यार्थियों ने जिला कलेक्टोरेट पहुंचकर प्रभारी कलेक्टर एवं जिला पंचायत सीईओ श्री अभिजीत बबन पठारे तथा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह से सौजन्य मुलाकात की। इस अवसर पर अधिकारियों ने विद्यार्थियों को गुलदस्ता भेंटकर बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने विद्यार्थियों को आगे भी इसी लगन और मेहनत के साथ विभिन्न परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर जिले व प्रदेश का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित किया। साथ ही शिक्षकों एवं अभिभावकों को भी इस सफलता के लिए शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर एडीएम श्री अपूर्व प्रियेश टोप्पो, जिला शिक्षा अधिकारी डॉ.के.वी.राव सहित स्कूल विभाग के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे।
कड़ी मेहनत और आत्मविश्वास से मिली सफलता
विद्यार्थियों ने चर्चा के दौरान अपनी सफलता का श्रेय कड़ी मेहनत, अनुशासन और निरंतर अध्ययन को दिया। शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय छाल के कृष महंत ने कक्षा 12वीं में 97.80 प्रतिशत अंक प्राप्त कर प्रदेश में तृतीय स्थान हासिल किया। उन्होंने बताया कि उनका लक्ष्य आईएएस अधिकारी बनकर देश की सेवा करना है। ग्राम कुरु के निवासी कृष शुरू से ही मेधावी छात्र रहे हैं। शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय महापल्ली के लोकनाथ मेहर ने 97.20 प्रतिशत अंकों के साथ छठवां स्थान प्राप्त किया। उन्होंने डॉक्टर बनकर समाज की सेवा करने की इच्छा व्यक्त की। उन्होंने बताया कि वे प्रतिदिन 7 से 8 घंटे स्वअध्ययन करते थे।
महेंद्र सिंह पटेल मेमोरियल आदर्श विद्यालय, नंदेली की शीतल साहू ने 96.80 प्रतिशत अंक प्राप्त कर प्रदेश स्तर पर आठवां स्थान हासिल किया। शीतल का सपना आईएएस अधिकारी बनना है। उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता एवं शिक्षकों को दिया। उनके पिता ड्राइवर हैं और उन्होंने सीमित संसाधनों में रहकर अपनी पढ़ाई पूरी की। शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय तरकेला की बबीता पटेल ने 96.60 प्रतिशत अंकों के साथ नौवां स्थान प्राप्त किया। किसान परिवार से आने वाली बबीता नियमित रूप से प्रतिदिन 6 घंटे अध्ययन करती थीं और उनका लक्ष्य भी आईएएस अधिकारी बनना है। सेजेस खरसिया की लिसिका वर्मा ने 96.60 प्रतिशत के साथ नौवां स्थान प्राप्त किया। वे भविष्य में इंजीनियर बनना चाहती हैं। वहीं प्रज्ञा उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, सोण्डका की कुमारी अंजली झा ने 96.40 प्रतिशत के साथ दसवां स्थान प्राप्त किया और उनका लक्ष्य भी इंजीनियर बनना है।
कक्षा 10वीं में भी शानदार प्रदर्शन
कक्षा 10वीं बोर्ड परीक्षा में भी रायगढ़ जिले के विद्यार्थियों ने उल्लेखनीय सफलता अर्जित की। शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय महलोई की छात्रा गिरिजा प्रधान ने 98.33 प्रतिशत अंक प्राप्त कर प्रदेश में पांचवां स्थान हासिल किया। उन्होंने बताया कि उन्होंने रटने के बजाय विषयों को समझकर पढ़ाई की, जिससे यह सफलता मिली। पीएम श्री सेजेस घरघोड़ा स्कूल के छात्र एहसान अली ने 97.83 प्रतिशत अंकों के साथ प्रदेश में आठवां स्थान प्राप्त किया। उनका लक्ष्य डॉक्टर बनना है। उन्होंने नियमित रूप से 5 से 6 घंटे अध्ययन कर यह उपलब्धि हासिल की। इन विद्यार्थियों की सफलता न केवल उनके परिवार और विद्यालय के लिए, बल्कि पूरे जिले के लिए प्रेरणादायक है। सीमित संसाधनों के बावजूद दृढ़ संकल्प, अनुशासन और निरंतर प्रयास से सफलता प्राप्त की जा सकती है, यह इन होनहारों ने सिद्ध कर दिखाया है।



