
सौरभ बरवाड़/भाटापारा- नगर के विकास एवं नागरिक सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण की दिशा में आज भाटापारा अंतर्गत इतवारी राम यादव शासकीय बहुउद्देशीय उच्च माध्यमिक विद्यालय एवं शक्ति वार्ड में विभिन्न विकास कार्यों के भूमिपूजन कार्यक्रम का आयोजन गरिमामयी वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में पूर्व विधायक शिवरतन शर्मा तथा नगर पालिका परिषद भाटापारा के अध्यक्ष अश्वनी शर्मा विशेष रूप से उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंतर्गत इतवारी राम यादव शासकीय बहुउद्देशीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में ₹16 लाख की लागत से अतिरिक्त कक्ष निर्माण एवं बास्केटबॉल ग्राउंड निर्माण कार्य का भूमिपूजन किया गया। इन कार्यों के पूर्ण होने से विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण के साथ खेल गतिविधियों के लिए आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी।
इसके साथ ही शक्ति वार्ड में ₹10 लाख की लागत से सामुदायिक भवन निर्माण कार्य का भूमिपूजन भी संपन्न हुआ। यह भवन क्षेत्र के सामाजिक, सांस्कृतिक एवं सामुदायिक आयोजनों के लिए उपयोगी सिद्ध होगा तथा स्थानीय नागरिकों को एक बेहतर सार्वजनिक सुविधा उपलब्ध कराएगा।
कुल ₹26 लाख की लागत से होने वाले इन विकास कार्यों से क्षेत्र में शिक्षा, खेल एवं सामाजिक अधोसंरचना को नई मजबूती मिलने की उम्मीद व्यक्त की जा रही है। कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक, जनप्रतिनिधि, वार्डवासी, विद्यार्थी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। क्षेत्रवासियों ने विकास कार्यों को लेकर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए अतिथियों का आत्मीय स्वागत एवं अभिनंदन किया।
इस अवसर पर पूर्व विधायक शिवरतन शर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि प्रदेश सरकार विकास कार्यों को प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ा रही है। शिक्षा, खेल एवं आधारभूत सुविधाओं के विस्तार के लिए निरंतर कार्य किए जा रहे हैं ताकि युवाओं एवं विद्यार्थियों को बेहतर अवसर प्राप्त हो सकें। उन्होंने कहा कि किसी भी क्षेत्र का विकास वहां की शैक्षणिक एवं सामाजिक व्यवस्था की मजबूती पर निर्भर करता है और भाटापारा क्षेत्र निरंतर प्रगति की दिशा में आगे बढ़ रहा है।
उन्होंने आगे कहा कि आने वाले समय में भाटापारा क्षेत्र विकास के नए आयाम स्थापित करेगा तथा जनहित से जुड़े अनेक महत्वपूर्ण कार्यों को गति प्रदान की जाएगी। श्री शर्मा ने नागरिकों से विकास कार्यों में सहभागिता एवं सहयोग बनाए रखने की अपील भी की।
नगर पालिका परिषद भाटापारा के अध्यक्ष अश्वनी शर्मा ने अपने वक्तव्य में कहा कि नगर पालिका परिषद नगर के समग्र विकास एवं नागरिक सुविधाओं के विस्तार के लिए निरंतर प्रतिबद्ध होकर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराना तथा युवाओं को खेल सुविधाएं देना नगर के उज्ज्वल भविष्य के निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
अध्यक्ष श्री शर्मा ने कहा कि शक्ति वार्ड में बनने वाला सामुदायिक भवन क्षेत्रवासियों के लिए अत्यंत उपयोगी सिद्ध होगा तथा सामाजिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों को बढ़ावा देगा। उन्होंने कहा कि नगर के सभी वार्डों में आवश्यक विकास कार्यों को प्राथमिकता के साथ स्वीकृत एवं क्रियान्वित किया जा रहा है ताकि नागरिकों को बेहतर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।
कार्यक्रम के अंत में जनप्रतिनिधियों द्वारा विकास कार्यों के शीघ्र एवं गुणवत्तापूर्ण पूर्णता का विश्वास दिलाया गया। इस अवसर पर गोविन्द पटेल
सतीश तलारेजा
देवेंद्र साहू
मनीष मिश्रा
नंदू वैष्णव
सतीश साहू
प्रतेश राठौर
ठाकुर राम साहू
सुरेश मंधन
भुवन सिंह ठाकुर
शुभम राजपूत
लिकेश साहू
अनिल चेलक
आशीष टोडर आएशा खान शकुन ध्रुव
नीरा साहू
गिरीश वढेर
राजू मल
अलोक गुप्ता
प्रतिमा अवस्थी यास्मीन अफरोज
रूपेश मखीजा रवि गुप्ता
समी अहमद अमित तिवारी
निर्मल जगाड़े
शरद पंसारी
संजय शुक्ला राहुल बघेल
मुख्य नगर पालिका अधिकारी शिव कुमार यादव एवं खेल प्रेमी , वार्डवासि मौजूद रहे।बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।



