मिनी स्टेडियम में स्वयंसेवकों द्वारा घोष, योग, दंड एवं नियुद्ध का होगा आकर्षक प्रदर्शन
रायगढ़। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ द्वारा वैदिक इंटरनेशनल स्कूल, पटेलपाली में आयोजित 15 दिवसीय संघ शिक्षा वर्ग (तरुण व्यवसायी) 2026 का भव्य समापन समारोह आगामी 31 मई 2026, रविवार को सायं 6 बजे शहीद कर्नल विप्लव त्रिपाठी स्टेडियम मिनी स्टेडियम में आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम को लेकर स्वयंसेवकों एवं नागरिकों में उत्साह का वातावरण है।
मुख्य वक्ता होंगे विद्या भारती के अखिल भारतीय सह संगठन मंत्री श्रीराम अरावकर
सिख समाज के जिला अध्यक्ष होंगे मुख्य अतिथि
समापन समारोह में छत्तीसगढ़ सिख समाज के जिला अध्यक्ष सरदार प्रीतपाल सिंह टुटेजा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। वहीं कार्यक्रम के मुख्य वक्ता विद्या भारती के अखिल भारतीय सह संगठन मंत्री श्रीराम अरावकर होंगे, जो “राष्ट्र निर्माण में तरुण व्यवसायियों की भूमिका” विषय पर अपना प्रेरक उद्बोधन देंगे।

15 दिनों तक चला व्यक्तित्व निर्माण का प्रशिक्षण
जिला संघचालक डॉ. प्रकाश मिश्रा ने जानकारी देते हुए बताया कि इस शिक्षा वर्ग में रायगढ़ सहित आसपास के जिलों के व्यवसायी, उद्यमी एवं प्रोफेशनल युवाओं ने सहभागिता की। 15 दिनों तक चले इस प्रशिक्षण वर्ग में स्वयंसेवकों को शारीरिक, बौद्धिक एवं सेवाभावी गतिविधियों के माध्यम से राष्ट्रहित एवं सामाजिक दायित्वों के लिए तैयार किया गया।
उन्होंने बताया कि वर्ग के दौरान अनुशासन, संगठन, सेवा, नेतृत्व क्षमता तथा राष्ट्रभक्ति जैसे विषयों पर विशेष प्रशिक्षण प्रदान किया गया, जिससे युवाओं में सामाजिक चेतना एवं कर्तव्यबोध का विकास हो सके।
घोष, योग और संचलन का होगा विशेष प्रदर्शन
समापन समारोह के अवसर पर स्वयंसेवकों द्वारा घोष वादन, योग प्रदर्शन, दंड संचालन, नियुद्ध एवं संचलन जैसे आकर्षक कार्यक्रम प्रस्तुत किए जाएंगे। इन प्रस्तुतियों के माध्यम से संघ शिक्षा वर्ग में प्राप्त प्रशिक्षण एवं अनुशासन की झलक देखने को मिलेगी।
सपरिवार उपस्थित होने का आग्रह
वर्ग के सर्वाधिकारी संजय पाण्डेय ने जिले के सभी नागरिकों, सामाजिक संगठनों एवं प्रबुद्धजनों से सपरिवार कार्यक्रम में उपस्थित होने का आग्रह किया है। उन्होंने निवेदन किया कि सभी अतिथिगण कार्यक्रम प्रारंभ होने से 10 मिनट पूर्व अपने स्थान ग्रहण कर लें, ताकि समारोह समयानुसार प्रारंभ किया जा सके।
समाज जीवन में जागृत करता है कर्तव्यबोध
उल्लेखनीय है कि संघ शिक्षा वर्ग के माध्यम से राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ समाज के विभिन्न क्षेत्रों में कार्यरत लोगों को संगठित कर उनमें राष्ट्र एवं समाज के प्रति कर्तव्यबोध जागृत करने का कार्य करता है। यह वर्ग युवाओं में नेतृत्व क्षमता, अनुशासन एवं सेवा भावना विकसित करने का महत्वपूर्ण माध्यम माना जाता है।



