● *भाटापारा ग्रामीण पुलिस की ताबड़तोड़ कार्रवाई; दो अलग-अलग बड़ी चोरियों को अंजाम देने वाले 03 शातिर आरोपी गिरफ्तार*

● *घरेलू सामान से लेकर ‘सुअर’ तक उड़ाने वाले गिरोह का पर्दाफाश: ट्रैक्टर का सामान, कीमती केबल और पोल्ट्री/पिग फार्म से मवेशी गायब करने वाले चोर गिरफ्तार*
● *पुलिस टीम द्वारा मुखबिर तंत्र और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर घेराबंदी कर आरोपियों को पकडा गया*
● *आरोपियों द्वारा ग्राम मिरगी एवं खैरी आर में चोरी की घटनाओं को दिया गया था अंजाम*
● *पुलिस कप्तान का कड़ा निर्देश एवं एक्शन: भाटापारा ग्रामीण पुलिस ने दोनों बड़ी चोरियों की गुत्थी सुलझाकर आरोपियों को भेजा सलाखों के पीछे*
● *चोरी का शत-प्रतिशत माल बरामद: आरोपियों की निशानदेही पर नगदी, कृषि उपकरण और चोरी गए मवेशी (सुअर) व दाना बरामद*
● *साथ ही चोरी की घटना में प्रयुक्त छोटा हाथी वाहन क्रमांक CG10 BK 1497 भी किया गया जप्त*
सौरभ बरवाड़/भाटापारा- दिनांक: 04 जुलाई 2026- जिले में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत, पुलिस अधीक्षक ओ.पी. शर्मा के कुशल मार्गदर्शन में भाटापारा ग्रामीण थाना पुलिस को एक बहुत बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने क्षेत्र में सक्रिय एक ऐसे शातिर गिरोह के 03 सदस्यों को गिरफ्तार किया है, जो सूने मकानों के ताले तोड़ने के साथ-साथ पिग (सुअर) फार्म जैसे व्यावसायिक ठिकानों में भी बेखौफ होकर चोरियां कर रहे थे।
*प्रकरण क्रमांक 01:- सूने मकान का ताला तोड़कर नगदी व चांदी की चोरी अपराध क्र. 347/2026-* प्रार्थी कैलाश यदु उम्र 35 वर्ष, निवासी मिरगी अपने बोर बाड़ी वाले मकान में सपरिवार रहते हैं। दिनांक 10.06.2026 को वे परिवार सहित ससुराल गए हुए थे। इसी दौरान अज्ञात चोरों ने सूने मकान का ताला तोड़कर अंदर घर का सामान, घर के बाहर खड़े ट्रैक्टर का नांगर, केजव्हील, 02 नग झटका मशीन और बोर का कीमती केबल (कुल मशरूका कीमती करीब 60,000 रुपये) चोरी कर फरार हो गए थे। प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना भाटापारा ग्रामीण में धारा 331(4), 305(1),3(5) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया था।
*प्रकरण क्रमांक 02:- पिग (सुअर) फार्म से 11 नग सुअर और दाना चोरी (अपराध क्र. 321/2026*- दूसरे मामले में प्रार्थी चंद्रप्रकाश ध्रुव निवासी खेरी आर ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि गांव में उनका ‘पिग फार्म’ है। दिनांक 07.06.2026 की दरमियानी रात अज्ञात चोरों ने फार्म का ताला तोड़कर वहां मौजूद 11 नग सुअर (09 मादा, 01 नर सुअर) और उन्हें खिलाने वाला 10 बोरी दाना चोरी कर लिया था। इस पर पुलिस ने तत्काल धारा 303(2),3(5) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की थी।
*पुलिस कप्तान के निर्देश पर ऐसे दबोचे गए आरोपी:*- चोरी की इन लगातार घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक श्री ओ.पी. शर्मा द्वारा थाना प्रभारी भाटापारा ग्रामीण को तत्काल आरोपियों की गिरफ्तारी हेतु निर्देशित किया गया था। पुलिस टीम द्वारा मुखबिर तंत्र और तकनीकी साक्ष्यों को सक्रिय किया गया। संदेह के आधार पर घेराबंदी कर उक्त तीनों आरोपियों को हिरासत में लेकर कड़ाई से पूछताछ की गई। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने गवाहों के समक्ष जुर्म कुबूल करते हुए दोनों चोरियों को मिलकर अंजाम देना स्वीकार किया। आरोपियों के मेमोरेंडम कथन के आधार पर चोरी की गई शत-प्रतिशत सामग्रियां, ट्रैक्टर के पार्ट्स और चोरी गए मवेशी (सुअर) व दाना बरामद कर भौतिक साक्ष्य के रूप में बरामद किया गया है। साथ ही चोरी की घटना में प्रयुक्त छोटा हाथी वाहन क्रमांक CG10 BK 1497 भी जप्त किया गया है। आरोपियों के विरुद्ध अपराध सिद्ध पाए जाने पर दिनांक 03.07.2026 को उन्हें विधिवत गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत करने की प्रक्रिया की जा रही है।
शातिर आरोपियों का विवरण:
1. संजय भारती पिता मंगल भारती, उम्र 40 वर्ष, निवासी ग्राम अर्जुनी, थाना भाटापारा ग्रामीण।
2. रिंकू भारती पिता महंगु भारती, उम्र 20 वर्ष, निवासी ग्राम अर्जुनी, थाना भाटापारा ग्रामीण।
3. विकास मरकाम पिता अर्जुन मरकाम, उम्र 22 वर्ष, साकिन कुकुरबेड़ा, थाना यूनिवर्सिटी रायपुर के सामने, जिला रायपुर।



