🔸 पुलिस-जन संवाद को मजबूत करने रायगढ़ पुलिस की अनूठी पहल, विद्यार्थियों ने निडर होकर पुलिस से जुड़ने का लिया संकल्प
🔸 थाना प्रभारी रोशन कौशिक ने छात्रों की दी नए कानून, साइबर सुरक्षा और ‘हैलो सिस्टर’ हेल्पलाइन की जानकारी
रायगढ़ । वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह के दिशा-निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री अनिल सोनी अपराध नियंत्रण के साथ-साथ जनजागरूकता को विशेष प्राथमिकता दी जा रही है। इसी क्रम में एवं एसडीओपी खरसिया श्री सतीश भार्गव के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी भूपदेवपुर निरीक्षक रोशन कुमार कौशिक द्वारा आज दिनांक 06 अगस्त 2026 को शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल भूपदेवपुर के शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं छात्र-छात्राओं को थाना भूपदेवपुर का शैक्षणिक भ्रमण कराया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों के मन में पुलिस के प्रति व्याप्त झिझक एवं भय को दूर कर उन्हें कानून, पुलिस व्यवस्था और नागरिक कर्तव्यों के प्रति जागरूक बनाना था।
भ्रमण के दौरान थाना प्रभारी ने विद्यार्थियों को भारतीय न्याय संहिता (BNS), भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) एवं भारतीय साक्ष्य अधिनियम (BSA) के संबंध में सरल भाषा में जानकारी देते हुए बताया कि नए कानून पीड़ितों को शीघ्र न्याय दिलाने और अपराधों की प्रभावी जांच सुनिश्चित करने के उद्देश्य से लागू किए गए हैं। उन्होंने थाना में एफआईआर दर्ज होने से लेकर विवेचना, साक्ष्य संकलन, गिरफ्तारी, न्यायालय में चालान प्रस्तुत करने और अंतिम न्यायिक प्रक्रिया तक की पूरी कार्यप्रणाली विस्तार से समझाई।

विद्यार्थियों को थाना के विभिन्न अनुभागों का भ्रमण कराते हुए लॉकअप, मालखाना, वायरलेस (रेडियो) कक्ष, थाना प्रभारी कक्ष, आगंतुक कक्ष, पुलिस रजिस्टरों का संधारण, पुलिस रैंक व्यवस्था, हथियारों की जानकारी तथा पुलिस की दैनिक कार्यप्रणाली से परिचित कराया गया। बच्चों ने उत्सुकतापूर्वक प्रश्न पूछे, जिनका पुलिस अधिकारियों ने सहज एवं व्यवहारिक तरीके से उत्तर दिया।
कार्यक्रम के दौरान थाना प्रभारी ने गुड टच-बैड टच, महिला एवं बाल सुरक्षा, साइबर अपराधों से बचाव, सोशल मीडिया का सुरक्षित उपयोग, ऑनलाइन ठगी, यातायात नियमों का पालन, नाबालिगों द्वारा वाहन नहीं चलाना, बाल विवाह का विरोध, नशे से दूरी तथा आपात स्थिति में तत्काल पुलिस को सूचना देने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से मार्गदर्शन दिया गया। साइबर अपराध होने पर 24 घंटे के भीतर साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराने तथा महिलाओं एवं बालिकाओं के लिए रायगढ़ पुलिस द्वारा संचालित “हैलो सिस्टर” हेल्पलाइन नंबर 9479270533 की जानकारी देते हुए बताया गया कि इस माध्यम से महिला पुलिस अधिकारियों से सीधे संपर्क कर सहायता एवं परामर्श प्राप्त किया जा सकता है।
निरीक्षक रोशन कुमार कौशिक ने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि जीवन में सफलता का सबसे बड़ा आधार अनुशासन, शिक्षा और अच्छे संस्कार हैं। उन्होंने बच्चों से माता-पिता एवं शिक्षकों का सम्मान करने, किसी भी समस्या को छिपाने के बजाय भरोसेमंद लोगों और पुलिस से साझा करने, अफवाहों से बचने तथा समाज का जिम्मेदार नागरिक बनने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के अंत में छात्र-छात्राओं ने थाना परिसर का भ्रमण कर पुलिस की कार्यप्रणाली को निकट से समझा और पुलिस अधिकारियों के साथ संवाद स्थापित किया। विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस भ्रमण से पुलिस के प्रति उनका विश्वास और आत्मीयता बढ़ी है तथा अब वे किसी भी समस्या में बिना झिझक पुलिस से संपर्क करेंगे।
कार्यक्रम में थाना भूपदेवपुर का समस्त पुलिस स्टाफ, शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल भूपदेवपुर के शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
👉 एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह का संदेश-
“बच्चों और युवाओं में कानून के प्रति जागरूकता तथा पुलिस के प्रति विश्वास विकसित करना हमारी प्राथमिकता है। आज का जागरूक विद्यार्थी ही कल का जिम्मेदार नागरिक बनेगा। पुलिस केवल कानून लागू करने वाली संस्था नहीं, बल्कि समाज की मित्र और हर जरूरतमंद की सहयोगी है।”



