शांति नगर सहित प्रभावित वार्डों में पंप लगाकर पानी की निकासी, प्रभावित परिवारों के लिए भोजन-ठहरने की व्यवस्था; मेडिकल टीम ने संभाला मोर्चा, घर-घर पहुंचकर स्वास्थ्य जांच और दवाइयों का वितरण
सौरभ बरवाड़/भाटापारा- नगर में हुई भारी बारिश के बाद विभिन्न वार्डों में उत्पन्न जलभराव की स्थिति को देखते हुए नगर पालिका परिषद भाटापारा ने तत्काल राहत एवं बचाव अभियान शुरू कर दिया। नगर पालिका अध्यक्ष अश्वनी शर्मा के निर्देश पर पालिका की पूरी टीम ने मैदान में उतरकर मोर्चा संभाला और प्रभावित क्षेत्रों में जल निकासी, राहत, भोजन, ठहरने तथा स्वास्थ्य सुविधाओं की व्यवस्था सुनिश्चित की।
बारिश के कारण शहर के कई हिस्सों में जलभराव की स्थिति निर्मित होने की सूचना मिलते ही अध्यक्ष अश्वनी शर्मा ने अधिकारियों एवं पालिका टीम को तत्काल प्रभावित क्षेत्रों में पहुंचकर राहत कार्य तेज करने के निर्देश दिए। इसके बाद शांति नगर सहित अन्य जलभराव प्रभावित क्षेत्रों में पालिका की टीम पहुंची और मौके का निरीक्षण कर पंप लगाकर पानी की निकासी का कार्य युद्धस्तर पर शुरू कराया।

प्रभावित परिवारों के लिए भोजन और ठहरने की व्यवस्था
जलभराव से प्रभावित परिवारों को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए नगर पालिका प्रशासन द्वारा तत्काल गुणवत्तापूर्ण भोजन एवं सुरक्षित ठहरने की समुचित व्यवस्था कराई गई। पालिका टीम द्वारा लगातार प्रभावित नागरिकों से संपर्क बनाए रखते हुए उनकी आवश्यकताओं की जानकारी ली गई और जरूरत के अनुसार सहायता उपलब्ध कराई गई।
अध्यक्ष अश्वनी शर्मा के निर्देश पर राहत कार्य को केवल औपचारिकता तक सीमित न रखते हुए पालिका की टीम ने दिन-रात मौके पर मौजूद रहकर जल निकासी एवं राहत कार्यों की निगरानी की।
बीमारियों की आशंका के बीच विशेष मेडिकल टीम ने संभाला मोर्चा
जलभराव के बाद संक्रामक बीमारियों की आशंका को देखते हुए अध्यक्ष अश्वनी शर्मा की पहल पर प्रभावित क्षेत्रों में विशेष मेडिकल टीम भेजी गई। टीम ने मौके पर नागरिकों के स्वास्थ्य की जांच की तथा आवश्यक दवाइयों का वितरण किया।
पालिका प्रशासन का प्रयास रहा कि जलभराव के कारण उत्पन्न परिस्थितियों में नागरिकों को तत्काल स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध हो और किसी भी संभावित बीमारी को समय रहते नियंत्रित किया जा सके।
पालिका की पूरी टीम मैदान में डटी रही
राहत एवं बचाव अभियान के दौरान नगर पालिका सभापति सतीश तलरेजा,गोविंद पटेल, कुंजराम कोशले,देवेंद्र साहू, दशरथ साहू,मनीष मिश्रा,मुख्य नगर पालिका अधिकारी शिव कुमार यादव, विनोद यादव, पूर्णेन्दु त्रिवेदी, आनंद राठौर सहित पालिका की टीम विशेष रूप से मौके पर डटी रही।
अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों एवं कर्मचारियों ने प्रभावित क्षेत्रों में पहुंचकर जल निकासी एवं राहत कार्यों की स्थिति का जायजा लिया तथा आवश्यकतानुसार तत्काल व्यवस्थाएं सुनिश्चित कीं।
सर्पदंश से युवक की मृत्यु पर अध्यक्ष अश्वनी शर्मा ने जताया शोक
इसी दौरान जलभराव के बीच सर्पदंश से एक युवक की असमय मृत्यु की दुखद घटना की जानकारी मिलने पर नगर पालिका अध्यक्ष अश्वनी शर्मा ने गहरा शोक व्यक्त किया। उन्होंने पीड़ित परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि इस दुख की घड़ी में नगर पालिका एवं प्रशासन परिवार के साथ खड़ा है।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों से आवश्यक कार्रवाई के संबंध में जानकारी लेते हुए शासन-प्रशासन के नियमानुसार पीड़ित परिवार को त्वरित मुआवजा राशि दिलाने के लिए हरसंभव पहल एवं सहयोग का आश्वासन दिया।
अध्यक्ष अश्वनी शर्मा का वक्तव्य
“भारी बारिश और जलभराव की स्थिति में नगर के प्रत्येक नागरिक की सुरक्षा हमारी पहली प्राथमिकता है। जैसे ही जलभराव की जानकारी मिली, मैंने पालिका की पूरी टीम को तत्काल प्रभावित क्षेत्रों में पहुंचकर राहत एवं जल निकासी का कार्य युद्धस्तर पर करने के निर्देश दिए। हमारी टीम लगातार मौके पर मौजूद है और जब तक स्थिति सामान्य नहीं हो जाती, तब तक राहत एवं निकासी कार्य निरंतर जारी रहेगा।
प्रभावित परिवारों को भोजन और सुरक्षित ठहरने की व्यवस्था उपलब्ध कराई गई है। जलभराव के बाद बीमारी फैलने की आशंका को देखते हुए मेडिकल टीम भी प्रभावित क्षेत्रों में भेजी गई है, ताकि नागरिकों की स्वास्थ्य जांच और आवश्यक दवाइयों की व्यवस्था तत्काल हो सके।
हमारा उद्देश्य केवल पानी निकालना नहीं, बल्कि प्रभावित नागरिकों को हर संभव राहत और सुरक्षा उपलब्ध कराना है। नगर पालिका का प्रत्येक अधिकारी, कर्मचारी और जनप्रतिनिधि इस कठिन परिस्थिति में नागरिकों के साथ खड़ा है।
सर्पदंश से युवक की मृत्यु की घटना अत्यंत दुखद और पीड़ादायक है। मैं मृतक के परिवार के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं। इस कठिन समय में परिवार को अकेला नहीं छोड़ा जाएगा। शासन के नियमानुसार मिलने वाली सहायता एवं मुआवजा राशि शीघ्र दिलाने के लिए आवश्यक पहल की जाएगी।
भाटापारा के नागरिकों को मैं भरोसा दिलाना चाहता हूं कि संकट की इस घड़ी में नगर पालिका प्रशासन पूरी संवेदनशीलता और जिम्मेदारी के साथ उनके साथ खड़ा है



