पारदर्शिता की दिशा में विभाग की पहल, हर माह की उपस्थिति भी होगी ऑनलाइन प्रदर्शित
रायगढ़, छत्तीसगढ़ राज्य में आदिम जाति विकास, अनुसूचित जाति विकास, पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक विकास विभाग द्वारा संचालित आश्रम-छात्रावासों में निवासरत छात्र-छात्राओं की जानकारी अब आम नागरिकों के लिए ऑनलाइन उपलब्ध होगी। विभाग द्वारा संचालित छात्रावास-आश्रम प्रबंधन प्रणाली पोर्टल पर प्रवेशित समस्त विद्यार्थियों की जानकारी सार्वजनिक किए जाने का निर्णय लिया गया है। यह पहल आश्रम-छात्रावास व्यवस्था में पारदर्शिता और जवाबदेही को और मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
विद्यार्थियों की जानकारी पोर्टल के मुख्य पृष्ठ पर उपलब्ध
कार्यालय आयुक्त, आदिम जाति तथा अनुसूचित जाति विकास, नवा रायपुर द्वारा लिए गए निर्णय के अनुसार छात्रावास-आश्रम प्रबंधन प्रणाली पोर्टल https://hmstribal.cg.nic.in पर प्रवेशित सभी छात्र-छात्राओं की जानकारी प्रदर्शित की जाएगी। नागरिक पोर्टल के “विद्यार्थी उपस्थिति रिपोर्ट” मेनू पर क्लिक कर संबंधित जानकारी प्राप्त कर सकेंगे।

हर माह की उपस्थिति भी होगी ऑनलाइन
पोर्टल पर केवल प्रवेशित विद्यार्थियों की जानकारी ही नहीं, बल्कि उनकी मासिक उपस्थिति भी प्रदर्शित की जाएगी। प्रत्येक माह की उपस्थिति आगामी माह की 10 तारीख तक पोर्टल पर उपलब्ध कराई जाएगी। इससे छात्रावास एवं आश्रमों में विद्यार्थियों की उपस्थिति की स्थिति की ऑनलाइन जानकारी प्राप्त की जा सकेगी।
सभी प्रकार की संस्थाओं की जानकारी होगी उपलब्ध
इस व्यवस्था के अंतर्गत शासकीय, अशासकीय, अनुदान प्राप्त संस्थाओं सहित विशिष्ट संस्थाओं में प्रवेशित छात्र-छात्राओं की जानकारी पोर्टल पर प्रदर्शित की जाएगी। इससे संबंधित संस्थाओं में विद्यार्थियों के प्रवेश एवं उपस्थिति संबंधी जानकारी को अधिक पारदर्शी और सुलभ बनाया जा सकेगा।
मुख्यमंत्री विद्यार्थी उत्कर्ष योजना की जानकारी भी पोर्टल पर
छात्रावास-आश्रम प्रबंधन प्रणाली पोर्टल पर शासन की महत्वाकांक्षी मुख्यमंत्री अनुसूचित जाति तथा जनजाति विद्यार्थी उत्कर्ष योजना के अंतर्गत लाभान्वित छात्र-छात्राओं की जानकारी भी उपलब्ध है। यह योजना पूर्व में जवाहर उत्कर्ष योजना के नाम से संचालित थी। योजना से लाभान्वित विद्यार्थियों की जानकारी पोर्टल के “नया क्या है” टैब पर क्लिक कर प्राप्त की जा सकती है।
ऑनलाइन जानकारी से बढ़ेगी पारदर्शिता और जवाबदेही
विभाग की इस पहल से आश्रम-छात्रावासों में संचालित व्यवस्थाओं से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी आम नागरिकों के लिए सहज रूप से उपलब्ध होगी। विद्यार्थियों की जानकारी एवं मासिक उपस्थिति को ऑनलाइन प्रदर्शित किए जाने से व्यवस्था में पारदर्शिता बढ़ने के साथ ही संस्थाओं की जवाबदेही भी सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी।


