रायगढ़ एवं सारंगढ़-बिलाईगढ़ से 5-5 हितग्राहियों का होगा चयन, प्रशिक्षण के बाद रोजगार के अवसरों से जुड़ने का मिलेगा आधार
रायगढ़, निर्माण श्रमिक परिवारों के युवाओं को रोजगारपरक कौशल से जोड़ने के लिए छत्तीसगढ़ भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण मंडल द्वारा ‘मुख्यमंत्री निर्माण मजदूर कौशल विकास एवं परिवार सशक्तिकरण योजना’ के तहत कौशल प्रशिक्षण का अवसर दिया जा रहा है। योजना के अंतर्गत चयनित युवाओं को रायपुर स्थित सीआईपीईटी में आधुनिक तकनीकी प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा।
प्रशिक्षणार्थियों को सहायक मशीन ऑपरेटर-प्लास्टिक प्रसंस्करण, एक्सट्रूजन एवं इंजेक्शन मोल्डिंग ट्रेड में कुल 480 घंटे यानी 80 दिवस का प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रशिक्षण पूर्णतः आवासीय होगा तथा सीआईपीईटी रायपुर में प्रशिक्षणार्थियों के लिए छात्रावास की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। प्रशिक्षण रासायनिक एवं पेट्रोकेमिकल क्षेत्र में एनसीवीईटी द्वारा अनुमोदित लेवल 3.5 के अनुरूप होगा।

18 से 30 वर्ष के युवा कर सकते हैं आवेदन
प्रशिक्षण के लिए मंडल में पंजीकृत निर्माण श्रमिक अथवा उनके पात्र आश्रित आवेदन कर सकते हैं। प्रशिक्षण प्रारंभ होने की तिथि को आवेदक की आयु 18 से 30 वर्ष के बीच होनी चाहिए। शैक्षणिक योग्यता के अंतर्गत 10वीं उत्तीर्ण, अथवा 9वीं उत्तीर्ण एवं संबंधित कार्य में 1-5 वर्ष का अनुभव (एनटीसी/एनएसी), अथवा 8वीं उत्तीर्ण एवं संबंधित कार्य में 3 वर्ष का अनुभव (एनटीसी/एनएसी) रखने वाले युवा पात्र होंगे।
रायगढ़ और सारंगढ़-बिलाईगढ़ से 5-5 हितग्राही
वित्तीय वर्ष 2026-27 में पूरे छत्तीसगढ़ से कुल 200 हितग्राहियों को प्रशिक्षण देने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसमें रायगढ़ जिले से 5 और सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले से 5 हितग्राहियों का चयन किया जाएगा।
ऑनलाइन आवेदन का अवसर
पात्र निर्माण श्रमिक एवं उनके आश्रित विभागीय पोर्टल shramevjayate.cg.gov.in के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। जिला श्रम विभाग ने पात्र युवाओं से अधिकाधिक संख्या में आवेदन करने की अपील की है। कौशल प्रशिक्षण के माध्यम से श्रमिक परिवारों के युवाओं को तकनीकी दक्षता हासिल करने के साथ आगे चलकर रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसरों से जुड़ने का आधार मिलेगा। योजना का उद्देश्य श्रमिक परिवारों की नई पीढ़ी को कौशल से जोड़कर उनकी आर्थिक क्षमता को मजबूत करना है।

