Home Blog चक्रधरनगर पुलिस की तत्परता से ओडिशा से बरामद हुई नाबालिग, आरोपी युवक...

चक्रधरनगर पुलिस की तत्परता से ओडिशा से बरामद हुई नाबालिग, आरोपी युवक दुष्कर्म व पॉक्सो एक्ट में गिरफ्तार

0

🚨 ओडिशा में लगातार ठिकाने बदल रहा था आरोपी, पुलिस की तलाश के बाद नाबालिग को किया गया दस्तयाब

🚨 अपराध में प्रयुक्त एक्टिवा स्कूटी CG 13 AA 4590 जब्त, आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया

Ro.No - 13998/148

रायगढ़ । अभियान संवेदना के तहत चक्रधरनगर पुलिस ने लापता 17 वर्षीय नाबालिग बालिका को ओडिशा के हिमगीर से दस्तयाब कर उसके साथ दुष्कर्म करने के आरोपित युवक मनीष सिदार उर्फ साहिल को गिरफ्तार किया है। आरोपी के विरुद्ध दुष्कर्म एवं पॉक्सो एक्ट की धाराओं के तहत कार्रवाई कर उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

जानकारी के मुताबिक, दिनांक 31.08.2026 को थाना चक्रधरनगर में स्थानीय महिला द्वारा अपनी 17 वर्षीय पुत्री के दिनांक 13.08.2026 की शाम बिना बताए घर से चले जाने की रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। रिपोर्ट पर अज्ञात आरोपी के विरुद्ध अपराध क्रमांक 440/2026, धारा 137(2) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया। विवेचना के दौरान संदेही मनीष सिदार उर्फ साहिल के साथ बालिका के हिमगीर, ओडिशा में होने की जानकारी प्राप्त हुई। पुलिस टीम द्वारा हिमगीर में दबिश दी गई, लेकिन आरोपी और बालिका मोबाइल बंद कर मकान बदलकर फरार हो गए थे।

पुलिस द्वारा लगातार पतासाजी करते हुए दिनांक 02.09.2026 को हिमगीर, जिला सुंदरगढ़, ओडिशा स्थित एक किराये के मकान से बालिका को दस्तयाब कर रायगढ़ लाया गया, जबकि आरोपी मौके से फरार हो गया था। बालिका का महिला पुलिस अधिकारी द्वारा कथन कराया गया तथा पीड़िता एवं गवाहों के कथनों के आधार पर आरोपी द्वारा नाबालिग होने की जानकारी के बावजूद उसके साथ जबरदस्ती शारीरिक संबंध बनाना पाए जाने पर प्रकरण में धारा 87, 64(2)(M) बीएनएस एवं धारा 6 पॉक्सो एक्ट जोड़ी गई। बालिका की सीडब्ल्यूसी से काउंसलिंग एवं न्यायालय में कथन की कार्रवाई भी कराई गई।

प्रकरण में फरार आरोपी साहिल सिदार उर्फ मनीष से पूछताछ करने पर उसने अपराध स्वीकार करते हुए बताया कि वह बालिका को विगत चार वर्षों से जानता था तथा दोनों के बीच इंस्टाग्राम के माध्यम से सामान्य बातचीत होती थी। आरोपी के अनुसार, दिनांक 14.08.2026 को उसने अपना मोबाइल फोन दोस्त के पास गिरवी रखकर 6,000 रुपये लिए और अपनी एक्टिवा स्कूटी से बालिका को अपने परिचित के घर हिमगीर, जिला सुंदरगढ़, ओडिशा लेकर गया, जहां वह उसके साथ रहने लगा।

पुलिस की दबिश के बाद आरोपी ने दूसरे स्थान पर किराये का मकान लेकर रहना शुरू कर दिया था। दिनांक 02.09.2026 को चक्रधरनगर पुलिस एवं ओडिशा पुलिस की टीम द्वारा तलाश किए जाने पर आरोपी अपनी स्कूटी छोड़कर मौके से फरार हो गया था। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त एक्टिवा स्कूटी क्रमांक CG 13 AA 4590 को ओडिशा से रायगढ़ लाकर जब्त किया है। आरोपी साहिल सिदार उर्फ मनीष पिता उदल सिदार, उम्र 19 वर्ष, निवासी चक्रधरनगर, के विरुद्ध अपराध में पर्याप्त साक्ष्य पाए जाने पर उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

बालिका की पतासाजी एवं आरोपी की गिरफ्तारी में महिला उप निरीक्षक मनीषा धुर्वे, उप निरीक्षक गेंदलाल साहू एवं हमराह स्टाफ की अहम भूमिका रही ।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here