रायगढ़, छत्तीसगढ़ शासन, समाज कल्याण विभाग द्वारा राज्योत्सव के अवसर पर दानशीलता, सौहार्द एवं अनुकरणीय सामाजिक सहायता के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले व्यक्ति अथवा संस्था को प्रतिवर्ष दानवीर भामाशाह सम्मान से सम्मानित किया जाता है। वर्ष 2026 के लिए इस सम्मान हेतु पात्र व्यक्ति एवं संस्थाओं से प्रविष्टियां आमंत्रित की गई हैं। जिले के पात्र व्यक्ति एवं संस्थाएं 3 दिवस के भीतर आवश्यक दस्तावेजों सहित अपनी प्रविष्टि कार्यालय समाज कल्याण, जिला रायगढ़ में प्रस्तुत कर सकते हैं, ताकि निर्धारित समयावधि में अग्रिम कार्यवाही के लिए प्रविष्टियां राज्य स्तर पर भेजी जा सकें।
उप संचालक समाज कल्याण विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार दानवीर भामाशाह सम्मान-2026 के लिए चयनित व्यक्ति अथवा संस्था को एक लाख रुपये की सम्मान राशि एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान किया जाएगा। सम्मान के लिए ऐसे व्यक्ति अथवा संस्था पात्र होंगे, जो छत्तीसगढ़ में निवासरत अथवा कार्यरत हों तथा जिनका सामाजिक एवं दानशीलता के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य रहा हो और वर्तमान में भी निरंतर सक्रिय हों। प्रविष्टि के साथ व्यक्ति अथवा संस्था का पूर्ण परिचय, दानशीलता एवं सामाजिक क्षेत्र में किए गए कार्यों का विस्तृत विवरण, पूर्व में प्राप्त पुरस्कारों की जानकारी तथा उत्कृष्ट कार्यों से संबंधित प्रकाशन एवं प्रख्यात व्यक्तियों अथवा पत्र-पत्रिकाओं की टिप्पणियां प्रस्तुत करना आवश्यक होगा।

साथ ही, संबंधित व्यक्ति अथवा संस्था के निरंतर क्रियाशील एवं निर्विवाद होने के संबंध में जिला कलेक्टर की अनुशंसा भी आवश्यक होगी। चयन होने की स्थिति में पुरस्कार ग्रहण करने की लिखित सहमति तथा पासपोर्ट साइज के तीन फोटोग्राफ भी प्रस्तुत करने होंगे। पुरस्कार चयन समिति अथवा ज्यूरी के सदस्यों की प्रविष्टियां मान्य नहीं होंगी। समाज कल्याण विभाग द्वारा प्राप्त प्रविष्टियों का निर्धारित मापदण्डों के अनुसार परीक्षण किया जाएगा तथा पात्र प्रविष्टियों को अनुशंसा सहित राज्य स्तर पर प्रेषित किया जाएगा।



