राष्ट्रीय स्तर के उच्च व्यावसायिक संस्थानों में अध्ययनरत विद्यार्थियों को मिलेगी सहायता
रायगढ़, मुख्यमंत्री उच्च शिक्षा प्रोत्साहन छात्रवृत्ति योजना वर्ष 2026-27 के तहत अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति एवं अन्य पिछड़ा वर्ग के पात्र विद्यार्थियों से आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। योजना के तहत राष्ट्रीय स्तर के उच्च व्यावसायिक संस्थानों में प्रवेश लेकर अध्ययन कर रहे प्रतिभावान विद्यार्थियों को तात्कालिक आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी।
पात्र विद्यार्थियों को निर्धारित प्रपत्र में ऑफलाइन आवेदन 30 अक्टूबर 2026 तक जिले के संबंधित सहायक आयुक्त, आदिवासी विकास कार्यालय में जमा करना होगा। रायगढ़ जिले के आवेदक अपना आवेदन सहायक आयुक्त, आदिवासी विकास, रायगढ़ कार्यालय में शाम 5 बजे तक जमा कर सकते हैं। योजना का लाभ ऐसे विद्यार्थी ले सकते हैं, जो भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी), अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स), भारतीय प्रबंध संस्थान (आईआईएम), राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय (एनएलयू) सहित राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट) एवं संयुक्त प्रवेश परीक्षा (जेईई) के माध्यम से राष्ट्रीय स्तर के उच्च व्यावसायिक संस्थानों में शिक्षण सत्र 2026-27 में प्रवेश प्राप्त कर अध्ययनरत हैं। योजना से संबंधित विस्तृत जानकारी के लिए आवेदक सहायक आयुक्त आदिवासी विकास कार्यालय में संपर्क कर सकते है।




