बच्चों के स्वास्थ्य,पोषण और शिक्षा पर संवाद;आंगनबाड़ी कार्यकर्ता,सहायिका और आशा बहनों को सम्मान”

सौरभ बरवाड़/भाटापारा- सेवा, सहभागिता और सामाजिक सरोकार को जनजीवन से जोड़ने के उद्देश्य से सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत भाटापारा के विभिन्न वार्डों में ‘आंगन मिलन सेवा उत्सव एवं सम्मान कार्यक्रम’ आयोजित किए गए। माता देवालय वार्ड, संत कंवरराम वार्ड, स्टेशन वार्ड एवं हेमू कल्याणी वार्ड के संयुक्त तत्वावधान में माता देवालय वार्ड स्थित आंगनबाड़ी केंद्र क्रमांक-2 तथा मुंशी स्माइल वार्ड में आयोजित कार्यक्रमों में नगर पालिका परिषद भाटापारा के अध्यक्ष अश्वनी शर्मा शामिल हुए।
कार्यक्रम के दौरान श्री अश्वनी शर्मा ने माताओं, बच्चों, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं एवं आशा बहनों से आत्मीय संवाद किया। उन्होंने बच्चों के स्वास्थ्य, पोषण, शिक्षा एवं प्रारंभिक विकास से जुड़ी आवश्यकताओं की जानकारी ली तथा महिलाओं से स्थानीय स्तर पर आ रही समस्याओं और आवश्यकताओं पर चर्चा की।
इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष ने बच्चों के साथ समय बिताया और उनकी विभिन्न गतिविधियों में सहभागी बने। उन्होंने कहा कि बच्चों का स्वस्थ और खुशहाल बचपन केवल परिवार की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि पूरे समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। परिवार, आंगनबाड़ी, समाज और स्थानीय प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय से बच्चों के सर्वांगीण विकास को और मजबूत किया जा सकता है।
*“आंगनबाड़ी केवल केंद्र नहीं, बच्चों के भविष्य की पहली नींव है”—अश्वनी शर्मा*
नगर पालिका अध्यक्ष अश्वनी शर्मा ने कहा कि आंगनबाड़ी केंद्र हमारे नन्हे बच्चों की पहली पाठशाला हैं। यहीं से उनके पोषण, स्वास्थ्य, संस्कार और प्रारंभिक विकास की मजबूत नींव तैयार होती है। आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और सहायिकाएं केवल अपनी जिम्मेदारी नहीं निभा रहीं, बल्कि वे परिवारों से निरंतर जुड़कर समाज के भविष्य को आकार देने का महत्वपूर्ण कार्य कर रही हैं।
उन्होंने कहा कि “बच्चों के भविष्य की चिंता केवल उनके माता-पिता की चिंता नहीं हो सकती। यह पूरे समाज की जिम्मेदारी है। इसलिए सेवा संकल्प अभियान का उद्देश्य यही है कि सेवा केवल किसी मंच या कार्यक्रम तक सीमित न रहे, बल्कि समाज के हर परिवार, हर बच्चे और जरूरतमंद व्यक्ति तक पहुंचे।”
*आंगनबाड़ी एवं आशा बहनों के योगदान को किया सम्मानित*
*इसी क्रम में मुंशी स्माइल वार्ड में आयोजित ‘आंगन मिलन सेवा’ कार्यक्रम में नगर पालिका अध्यक्ष अश्वनी शर्मा ने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं एवं आशा बहनों का सम्मान किया।*
इस अवसर पर उन्होंने कहा कि मातृ स्वास्थ्य, बाल पोषण, परिवार कल्याण और शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं को समाज के अंतिम छोर तक पहुंचाने में इन बहनों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। वे घर-घर तक पहुंचकर लोगों को स्वास्थ्य, पोषण और विभिन्न जनकल्याणकारी सेवाओं से जोड़ने का कार्य करती हैं।
श्री शर्मा ने कहा—
«“आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, सहायिका और आशा बहनें समाज की सेवा की मजबूत आधारशिला हैं। वे उस वर्ग के बीच काम करती हैं, जहां सरकारी योजनाओं और सेवाओं की सबसे अधिक जरूरत होती है। इन बहनों का समर्पण केवल नौकरी का दायित्व नहीं, बल्कि समाज के प्रति सेवा और संवेदना का उदाहरण है। इनके योगदान का सम्मान करना हम सभी का दायित्व है।”»
उन्होंने कहा कि विपरीत परिस्थितियों में भी निरंतर सेवा भाव से काम करने वाली इन बहनों के प्रयासों से मातृ स्वास्थ्य, बाल पोषण और परिवारों की जागरूकता को मजबूती मिलती है। इनके अनुभव और जमीनी जानकारी स्थानीय प्रशासन के लिए भी अत्यंत उपयोगी है।
महिलाओं से सुनीं समस्याएं, स्थानीय स्तर पर सहयोग का दिया भरोसा
कार्यक्रम में उपस्थित महिलाओं ने भी अपने अनुभव साझा किए और बच्चों, परिवारों तथा क्षेत्र से संबंधित आवश्यकताओं की जानकारी नगर पालिका अध्यक्ष को दी। श्री अश्वनी शर्मा ने उनकी बातों को गंभीरता से सुना और स्थानीय स्तर पर आवश्यक सहयोग एवं सुविधाओं को बेहतर बनाने की दिशा में निरंतर प्रयास करने का भरोसा दिलाया।
उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधि और जनता के बीच संवाद जितना मजबूत होगा, विकास और जनसेवा का काम उतना ही प्रभावी होगा। “लोगों के बीच जाकर उनकी बात सुनना और उनकी जरूरतों को समझना ही जनसेवा की वास्तविक शुरुआत है।”
सेवा संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास
सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आयोजित इन कार्यक्रमों का उद्देश्य सेवा की भावना को केवल आयोजनों तक सीमित न रखते हुए उसे समाज के प्रत्येक परिवार तक पहुंचाना है। बच्चों का बचपन स्वस्थ, सुरक्षित और खुशहाल बने, माताओं को आवश्यक सहयोग मिले तथा समाज की सेवा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाली आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं एवं आशा बहनों को सम्मान मिले—इसी भावना के साथ यह आयोजन किया गया।
नगर पालिका अध्यक्ष अश्वनी शर्मा ने कहा कि भाटापारा के विकास का अर्थ केवल सड़क, नाली और भवनों का निर्माण नहीं, बल्कि एक ऐसा बेहतर समाज बनाना भी है जिसमें हर बच्चा सुरक्षित हो, हर मां स्वस्थ हो और सेवा करने वाले प्रत्येक हाथ का सम्मान हो।
उन्होंने कहा कि “सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से हम सेवा को जनभागीदारी से जोड़ रहे हैं। हमारा प्रयास है कि भाटापारा का विकास केवल शहर के स्वरूप में दिखाई न दे, बल्कि हर परिवार के जीवन में महसूस हो। हमारा संकल्प है कि भाटापारा के हर बच्चे को स्वस्थ, सुरक्षित और खुशहाल वातावरण मिले तथा समाज की सेवा करने वाली प्रत्येक बहन को सम्मान और सहयोग मिले।”
उन्होंने कहा कि आने वाले समय में भी सेवा, सहभागिता और जनसंवाद से जुड़े ऐसे कार्यक्रमों को निरंतर आगे बढ़ाया जाएगा, ताकि भाटापारा में ‘सेवा से संस्कार और सहभागिता से सामाजिक सरोकार’ की भावना और मजबूत हो।
— अश्वनी शर्मा
अध्यक्ष, नगर पालिका परिषद भाटापारा
इस कार्यक्रम में नगर पालिका सभापति गोविंद पटेल, संतीश तलरेजा पार्षद नंदू वैष्णव,चंद्रशेखर चक्रधारी,शुभम सिंह राजपूत,पूर्व पार्षद व्यास यदु भाजपा पिछड़ा वर्ग मोर्चा प्रदेश मंत्री आशीष जायसवाल मुख्य नगर पालिका अधिकारी शिवकुमार यादव महिला बाल विकास अधिकारी बिना राय एवं माताएं बहने उपस्थित रही।



