
सौरभ बरवाड़/बलौदाबाजार- 6 अक्टूबर 2026/विकसित भारत–गारंटी फॉर रोजगार एंड आजीविका मिशन(वीबी -जी राम जी )के प्रभावी क्रियान्वयन तथा ग्राम पंचायत स्तर पर सौंपे गए दायित्वों के निर्वहन में लापरवाही बरतने वाले ग्राम रोजगार सहायकों के विरुद्ध जिला प्रशासन द्वारा कड़ी कार्रवाई करते हुए 3 ग्राम रोजगार सहायकों की सेवा समाप्त की गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार जनपद पंचायत बलौदाबाजार अंतर्गत ग्राम पंचायत देवरी के ग्राम रोजगार सहायक रामकुमार यादव, जनपद पंचायत कसडोल अंतर्गत ग्राम पंचायत सोनाखान के ग्राम रोजगार सहायक अर्जुन सिंह ठाकुर तथा जनपद पंचायत पलारी अंतर्गत ग्राम पंचायत बिजरडीह के ग्राम रोजगार सहायक महेंद्र कोसले को उनके दायित्वों के निर्वहन में लापरवाही के कारण सेवा से पृथक किया गया है।
जिला प्रशासन द्वारा स्पष्ट किया गया है कि वीबी -जी राम जी के अंतर्गत रोजगार सृजन, श्रमिक नियोजन, स्वीकृत कार्यों का समयबद्ध क्रियान्वयन, अभिलेखों का संधारण एवं शासन के निर्देशों का पालन ग्राम स्तर पर पदस्थ संबंधित अमले की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। इन दायित्वों के निर्वहन में लापरवाही, अनियमितता अथवा शासकीय निर्देशों की अवहेलना पाए जाने पर नियमानुसार कठोर अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।



